मध्यप्रदेशदेश विदेश

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन कर बोले सीएम मोहन यादव— मध्यप्रदेश में इसी महीने लागू होगी समान नागरिक संहिता (UCC)

भोपाल यशो :-  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश जल्द ही समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इसी महीने UCC लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए
भोपाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में प्रदेश के कदमों की जानकारी दी।

राजधानी भोपाल के लालघाटी स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश में “एक निशान, एक प्रधान और एक विधान” की अवधारणा को मजबूत स्वर दिया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश उनके सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी उसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश औद्योगिकीकरण, रक्षा उत्पादन और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने डिफेंस सेक्टर में नई पहचान बनाई है और आने वाले समय में प्रदेश रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि भोपाल के सतगढ़ी में एक बड़े इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन किया जाएगा, जहां उद्योग, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं का समग्र विकास होगा। साथ ही भोपाल को आर्थिक राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए बड़े कन्वेंशन सेंटर भी बनाए जा रहे हैं। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के निकट 5 हजार क्षमता वाला तथा सतगढ़ी में 10 से 15 हजार लोगों की क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सबसे कम है और सरकार रोजगार सृजन, निवेश तथा आधारभूत संरचना के विकास पर लगातार कार्य कर रही है।

(यह समाचार मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा की गई जानकारी एवं सार्वजनिक वक्तव्य पर आधारित है।)

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button