स्वच्छता पर सख्ती: सिवनी में खाद्य विभाग की कार्रवाई, स्ट्रीट फूड वेंडरों से लिए गए नमूने
Seoni 13 June 2025
सिवनी यशो:-खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश भोपाल एवं कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देश पर, तथा उपसंचालक डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सिवनी के मार्गदर्शन में ११ से १३ जून तक संचालित किया गया।
इस दौरान शहरी क्षेत्र में स्थित विभिन्न टी-स्टॉल्स एवं स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में मनोहार अमृत तुल्य चाय पैक्ड, चाय निर्माण में उपयोग हो रहे मिस्ड मिल्क, दिव्या अमृत तुल्य चाय प्रीमिक्स, इंजीनियर दी चाय बारपट्थर का बर्गर, चाहपाडी चाय प्रीमिक्स, यूज्ड कुकिंग सोयाबीन ऑयल एवं फोर्टीफाइड ऑयल आदि के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को जाँच हेतु राज्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
इसके साथ ही स्ट्रीट फूड वेंडरों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम २००६ के आवश्यक प्रावधानों की जानकारी दी गई ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।



