स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार: 80 इलेक्ट्रिक वाहन और 2 रोड स्वीपिंग मशीनों की खरीद को मंजूरी
मेयर-इन-कौंसिल बैठक में 31 प्रस्ताव पारित, बस टर्मिनल-टाउनशिप परियोजना को भी हरी झंडी

Chhindwara 19 December 2025
छिंदवाड़ा यशो:- नगर निगम छिंदवाड़ा की मेयर-इन-कौंसिल (एमआईसी) बैठक गुरुवार को महापौर विक्रम सिंह अहके की अध्यक्षता में आयोजित हुई। करीब दो घंटे तक चली बैठक में कुल 32 प्रस्तावों पर विचार किया गया, जिनमें से 31 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई, जबकि एक प्रस्ताव को आवश्यक सुधार और स्पष्टता के साथ अगली बैठक में पुनः प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश चंद्र राय सहित एमआईसी सदस्य एवं विभिन्न विभागों के प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और
अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुराने कचरा परिवहन वाहनों को हटाकर उनके स्थान पर 80 नए इलेक्ट्रिक वाहन तथा दो आधुनिक रोड स्वीपिंग मशीनों के क्रय प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
इन इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से डीजल खर्च में कमी, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
जामुनझिरी में बनेगा आधुनिक बस टर्मिनल और इंटीग्रेटेड टाउनशिप
बैठक में जामुनझिरी स्थित रिक्त शासकीय भूमि पर बस टर्मिनल और इंटीग्रेटेड टाउनशिप के निर्माण प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
प्रस्ताव के अनुसार, 10 एकड़ भूमि में आधुनिक बस टर्मिनल विकसित किया जाएगा,
जिसमें टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर पार्किंग,
लगभग 300 बसों की पार्किंग क्षमता तथा यात्रियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
वहीं, 15 एकड़ भूमि में सुव्यवस्थित टाउनशिप विकास का निर्णय लिया गया है।
200 करोड़ की लागत, 400 करोड़ की संभावित आय
लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना से नगर निगम को करीब 400 करोड़ रुपये की संभावित आय होने का अनुमान है।
यह परियोजना अर्बन चैलेंज फंड के माध्यम से क्रियान्वित की जाएगी, जिसमें शासन द्वारा 25 प्रतिशत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। शेष राशि पीपीपी मॉडल,
बॉण्ड या बैंक ऋण के माध्यम से जुटाने का प्रस्ताव है।
परियोजना को पांच वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में स्वच्छता,
नगरीय विकास,
अधोसंरचना विस्तार और
वित्तीय सुदृढ़ता से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
महापौर विक्रम सिंह अहके ने कहा कि –
नगर निगम का उद्देश्य स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक छिंदवाड़ा का निर्माण करना है
जिसके लिए चरणबद्ध तरीके से ठोस निर्णय लिए जा रहे हैं।



