मध्यप्रदेशराजनीति

सरपंच ईमानदारी से काम करें, सरकार दे रही है भरपूर फंड : मंत्री प्रहलाद पटेल

नर्मदा परिक्रमा पथ की पंचायतों में बनाए जाएंगे ‘रेवा आश्रय’ सामुदायिक भवन

Bhopal 07 June 2025
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री  प्रहलाद सिंह पटेल (Panchayat and Rural Development Minister #Prahlad_Singh_ Patel)
ने टिमरनी में आयोजित सरपंच सम्मेलन को संबोधित करते हुए पंच-सरपंचों से अपील की कि वे अपने पंचायत क्षेत्रों में पौधारोपण और जल संरक्षण को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि जल स्तर में लगातार गिरावट और बढ़ते पर्यावरण संकट के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास जरूरी हैं।
मंत्री श्री पटेल ने कहा, “प्रदेश में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सरकार ने पंचायतो को पहले से अधिक अधिकार और खर्च की सीमा दी है, ताकि वे स्वतंत्र रूप से अपने क्षेत्रों का विकास कर सकें।”
उन्होंने सरपंचों को ईमानदारी से कार्य करने की सलाह देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के नए प्रावधानों के तहत अब पुल-पुलिया की ऊंचाई पहले से अधिक रखी जाएगी। हरदा जिले की 15 ऐसी बस्तियों को चिन्हित किया गया है, जिनकी आबादी 500 से अधिक है, और जहां जल्द ही नई सड़कें बनाई जाएंगी। इसके साथ ही 14 नए पुल-पुलियों की स्वीकृति भी दी जा चुकी है।
श्री पटेल ने चिंता जताई कि प्रदेश में 247 नदियों का उद्गम स्थल होने के बावजूद ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में जलस्तर लगातार गिरता जा रहा है। उन्होंने इसे गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और बड़े पैमाने पर पौधारोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इस अवसर पर उन्होंने यह भी घोषणा की कि नर्मदा परिक्रमा पथ की पंचायतों में ‘रेवा आश्रय’ सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे, जो सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए उपयोगी होंगे।
सम्मेलन में पूर्व मंत्री कमल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, उपाध्यक्ष  दर्शन सिंह गहलोत, पूर्व विधायक श्री संजय शाह, टिमरनी नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र भारद्वाज, उपाध्यक्ष राजा कौशल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!