अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण समिति की बैठक सम्पन्न , जघन्य अपराधों की समीक्षा, राहत राशि वितरण पर फोकस
Seoni 10 June 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन एवं पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता की अध्यक्षता में मंगलवार 10 जून को जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की त्रैमासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत वर्ष 2025 की पहली एवं दूसरी तिमाही (01 जनवरी से 09 जून तक) के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के 79 एवं जनजातीय वर्ग के 60 प्रकरणों पर हुई कार्यवाही की जानकारी दी गई। कलेक्टर सुश्री जैन ने विशेष रूप से जघन्य अपराधों में न्यायालय में लंबित प्रकरणों और पीडि़तों को दी गई राहत राशि की स्थिति पर गंभीरता से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने 2 अक्टूबर को प्रस्तावित सद्भावना शिविर को अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचारों के लिए चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि ज़रूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुँच सके।
बैठक में सहायक आयुक्त सतेंद्र मरकाम, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी, गैर सरकारी सदस्य अजय डागोरिया, विक्रांत दुबे, श्रीमती उर्मिला उइके, श्रीमती सीमा चौहान सहित अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे।



