बरघाट के जनमखारी में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, एक महिला एवं उसकी नातिन की हत्या
अज्ञात हत्यारों की तालाश में जुटी पुलिस
सिवनी यशो :- जिले के बरघाट थाना अंतर्गत जनमखारी गांव में दोहरे हत्या कांड की वारदात सामने आई है। रविवार सुबह पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को घर के अंदर आंगन में सो रही कान्ता बाई पति ईश्वरी प्रसाद राहंगडाले और उसकी नातिन करिश्मा पुत्री प्रताप कटरे का शव रसोई घर के पास मिला है।
निर्मम हत्या को अंजाम देने के बाद अज्ञात आरोपित ने घर के अंदर के कमरे में आग लगाकर युवती के कपड़े व अन्य सामग्री को जलाने का प्रयास किया । जांच में घर के कमरों में आगजनी के निशान पाए गए है। मृतक नातिन व नानी के सिर में किसी ठोस वस्तु से प्रहार किया गया है।
सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह सहित बरघाट एसडीओपी ललित गठरे, फॉरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। डबल मर्डर के अज्ञात कारणों की छानबीन के साथ ही फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आरोपियों की तलाश जारी
बरघाट थाना प्रभारी मोहसिन सिंह बैस ने बताया कि युवती के माता-पिता नागपुर में ईट भट्टा में मजदूरी का कार्य करते है। जबकि घर में युवती के अलावा उसकी नानी रहती थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि शनिवार की रात 12 से रविवार सुबह 4 बजे के दरम्यान अज्ञात आरोपियों ने युवती और उसकी नानी की निर्मम हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस बल पूरी घटना की विस्तृत जांच कर वारदात की कडिय़ों को जोड़कर आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है।




