सिवनी: भीमगढ़ बांध नहर सीमेंटीकरण और केवलारी कॉलेज में विज्ञान संकाय शुरू करने की मांग
पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल में की मुलाकात
Seoni, 22 August 2025 सिवनी यशो:- मंगलवार को केवलारी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट की।
इस मुलाकात में उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़े दो बड़े मुद्दों पर चर्चा की।
भीमगढ़ बांध की नहरों के सीमेंटीकरण की जरूरत
पूर्व विधायक सिंह ने बताया कि सिवनी जिले के भीमगढ़ स्थित संजय सरोवर बांध की बायीं और दायीं तट नहरों का सीमेंटीकरण (ERM) कराया जाना है।
इस योजना को भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने वर्ष 2023 में 332.54 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति दी थी। निविदा भी जारी हो चुकी है।
यह भी पढ़े :– नहरों के सीमेंटीकरण कार्य के भूमिपूजन के लिये पूर्व विधायक पाल ने मुख्यमंत्री को दिया न्यौता
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति राज्य शासन या जल शक्ति मंत्रालय, नई दिल्ली से जल्द दिलाई जाए।
इससे किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। साथ ही नहरों के क्षतिग्रस्त होने की समस्या भी दूर होगी।
केवलारी कॉलेज में विज्ञान संकाय की मांग
श्री सिंह ने मुख्यमंत्री से यह भी निवेदन किया कि केवलारी के शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू किया जाए।
उच्च शिक्षा विभाग ने 07 अगस्त 2018 को इसकी घोषणा की थी, लेकिन अब तक शासन स्तर से इसकी शुरुआत नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में महाविद्यालय में बीएससी की कक्षाएं जनभागीदारी से संचालित हो रही हैं। इससे छात्र-छात्राओं को अधिक शुल्क देना पड़ता है।
यदि शासन स्तर पर विज्ञान संकाय प्रारंभ हो जाता है, तो ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।



