राजनीतिमध्यप्रदेशसिवनी

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में सिवनी कांग्रेस का उपवास जारी

अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुरू किया एक दिवसीय धरना-उपवास

सिवनी यशो :- कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में सिवनी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बुधवार को जिला अध्यक्ष नरेश मरावी के नेतृत्व में अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय धरना-उपवास जारी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और चुनाव आयोग पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए इस कार्रवाई को संविधान की भावना के विपरीत बताया।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवक कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद हैं। कार्यक्रम के दौरान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष लोकतंत्र की रक्षा और न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी भी की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा के लिए किया जा रहा है।

युवक कांग्रेस करेगी पुतला दहन

धरना-उपवास के पश्चात सिवनी युवक कांग्रेस द्वारा भाजपा और चुनाव आयोग के विरोध में पुतला दहन किए जाने की तैयारी भी की गई है। युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि विपक्ष की आवाज को इसी प्रकार दबाने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन करेगी।

प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर हो रहा विरोध प्रदर्शन

प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में भी विरोध प्रदर्शन और उपवास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भोपाल में आयोजित एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता और विधायक उपस्थित रहे।

उपवास करते प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ता
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ।

कांग्रेस ने लगाया लोकतंत्र पर हमला करने का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग द्वारा सुनियोजित तरीके से विपक्ष की मजबूत आवाज को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करना केवल एक प्रत्याशी के साथ अन्याय नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।

अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष उपवास करते सिवनी कांग्रेस कार्यकर्ता
सिवनी में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष उपवास करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

सिवनी में दिनभर जारी रहेगा आंदोलन

जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर दिनभर उपवास कार्यक्रम जारी रहेगा, जिसमें जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने आम नागरिकों से भी लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए इस आंदोलन का समर्थन करने की अपील की है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button