धार्मिक शहरों मे शराब बंदी निर्णय, सिवनी विधायक ने स्वागत किया
Seoni 24 January 2025
सिवनी यशो:- 24 जनवरी को प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) द्वारा सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन (Seoni MLA Dinesh Rai Munmun) सहित प्रदेश के सभी माननीय विधायक गणों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर किये गये जनहितैषी निर्णयों की जानकारी दी गयी।
विधायक श्री राय ने चर्चा उपरांत बताया कि जिन किसान बंधुओं ने 3 एचपी मोटर तक टीसी कनेक्शन लिया है उनको सब्सिडी के माध्यम से 5 प्रतिशत राशि एवं 5 से 7 एचपी मोटर टीसी कनेक्शन वालों को 10 प्रतिशत राशि जमा कराकर सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली मध्यप्रदेश सरकार उपलब्ध कराएगी। विधायक श्री राय ने बताया कि सामाजिक एवं धार्मिक स्थल पर निर्माण कार्य के लिए मुख्यमंत्री डा मोहन यादव जी द्वारा अपनी स्वेच्छानुदान राशि से 10 लाख रुपए दिया जाना है जिसके लिए आवेदन, प्रस्ताव मेरे कार्यालय मे जमा करावें।
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने आगे बताया कि लगभग आगामी मार्च माह से समय निर्धारित कर मुख्यमंत्री विधायक कार्यालय से क्षेत्र के आमजनों, संगठनों से वर्चुअल माध्यम से सीधे संवाद करेंगे। जिससे अब समस्याओं को लेकर आमजनों को भोपाल नही जाना पड़ेगा। इसके साथ ही विधायक श्री राय ने 17-18 धार्मिक नगरों मे शराब बंदी किये जाने का ऐतिहासिक फैसला लिये जाने पर अपनी एवं क्षेत्र की जनता की ओर से प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डा मोहन यादव जी के प्रति आभार व्यक्त किया है।





