सिवनी पुलिस की रात में पैदल गश्त, यातायात उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई
असामाजिक तत्वों पर अंकुश, 7 लोगों पर काटे चालान
Seoni 17 November 2025
सिवनी यशो:- शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सिवनी पुलिस ने रविवार देर रात प्रमुख चौक-चौराहों पर पैदल गश्त की। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देशन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कोतवाली टीआई सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा का भाव बढ़ाना और अपराधियों में भय पैदा करना है। पुलिस टीम ने बस स्टैंड, छोटी मस्जिद चौक, शुक्रवारी चौक, नेहरू रोड और नगरपालिका चौक सहित अन्य क्षेत्रों में पैदल गश्त कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया।

पुलिस ने यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए वाहनों की जांच की।
सड़क पर खड़े हाथ ठेलों को हटवाकर किनारे लगाया गया ताकि यातायात बाधित न हो।
नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने मौके पर चालानी कार्रवाई की।
यातायात नियम तोड़ने पर 7 लोगों पर जुर्माना
पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 4 लोगों से धारा 129/194 के तहत 1200 का जुर्माना वसूला।
दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने वाले 1 व्यक्ति से धारा 128/177 के तहत 500 का चालान किया गया।
मौके पर ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर 1 व्यक्ति पर धारा 130/177(1) के तहत 500 का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस के रोकने पर न रुकने वाले 1 व्यक्ति पर धारा 132/177(1) के तहत 500 और नंबर प्लेट विधिवत न होने पर धारा 51/177 के तहत 1 व्यक्ति पर 500 का चालान बनाया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और
यदि कहीं कोई असामाजिक गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें,
ताकि शहर में शांति और सुरक्षित वातावरण बनाए रखा जा सके।



