सिवनी में उपार्जन समिति की बैठक संपन्न, किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश
54 हजार से अधिक किसानों का गेहूं पंजीयन, 78 उपार्जन केंद्र स्थापित; गुणवत्ता से समझौता नहीं
उपार्जन समिति बैठक – कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में संपन्न
Seoni 17 April 2026
सिवनी यशो:- कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में जिला उपार्जन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना, मसूर एवं सरसों उपार्जन की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए किसानों को बेहतर एवं सुगम सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में 54,096 किसानों ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन कराया है। उपार्जन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिले में कुल 78 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 66 गोदाम स्तरीय एवं 12 संस्था स्तरीय केंद्र शामिल हैं।

संबंधित खबर पढ़ें:
कलेक्टर नेहा मीना का विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक संदेश
इसी प्रकार चना के लिए 5,318 एवं मसूर के लिए 2,967 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनके लिए 7 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। वहीं सरसों उपार्जन के लिए 2,506 किसानों ने पंजीयन कराया है।
सभी उपार्जन केंद्रों पर पेयजल, छाया, शौचालय, पंखा, छन्ना एवं ग्रेडिंग मशीन जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

कलेक्टर श्रीमती मीना ने स्पष्ट किया कि एफएक्यू मानकों के अनुरूप ही उपज की खरीदी सुनिश्चित की जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्रवार नोडल अधिकारी नियमित रूप से उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करें, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें और समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
यह भी पढ़ें:
सिवनी में किसानों की जमीनी समस्याओं पर विशेष रिपोर्ट>
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों को पारदर्शी, सुगम एवं परेशानी मुक्त उपार्जन व्यवस्था उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें समय पर लाभ मिल सके।
http://seoni.mpinfo.org/TodaysNews?newsid=20260416N233&fontname=Mangal&LocID=44&pubdate=04/16/2026





