19 बीम पोल, 3 पिकअप वाहन और एक हाइड्रा मशीन जब्त, एक आरोपी की तलाश जारी
सिवनी यशो:- जिले के थाना बंडोल पुलिस ने बिजली के लोहे के बीम पोल चोरी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 लोहे के बीम पोल, तीन पिकअप वाहन और एक हाइड्रा मशीन सहित कुल 45 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अमित शाह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सिवनी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
बकोड़ी गांव के पास से चोरी हुए थे 19 बीम पोल
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को संजय पिता रघुवीर सिंह जाट, निवासी पालडी खुर्द, थाना राई, जिला सोनीपत (हरियाणा) ने थाना बंडोल में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ग्राम बकोड़ी में शासकीय स्कूल के पास रखे बिजली के 19 लोहे के बीम पोल अज्ञात चोर पिकअप वाहन से चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए पोल की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई।
शिकायत पर थाना बंडोल में अपराध क्रमांक 414/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पतासाजी की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी में संबंधित सामग्री एवं वाहनों को जब्त किया।
45 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस द्वारा जब्त मशरूका में 19 लोहे के बीम पोल, जिनकी कीमत 5 लाख रुपये है, तीन पिकअप वाहन, जिनकी कीमत 22 लाख रुपये बताई गई है, तथा एक हाइड्रा मशीन, जिसकी कीमत 18 लाख रुपये है, शामिल हैं। इस प्रकार जब्त संपत्ति की कुल कीमत 45 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. करण पिता अशोक साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी लालकुंआ, ग्वारीघाट, जिला जबलपुर।
2. मनीष प्रसाद पिता रविकुमार साहू, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्वारीघाट, जिला जबलपुर।
3. प्रमोद पिता फग्गूलाल उर्फ ओमप्रकाश केवट, उम्र 34 वर्ष, निवासी लालकुंआ, ग्वारीघाट, जिला जबलपुर।
4. शुभम पिता प्रेमलाल कौल, उम्र 18 वर्ष, निवासी पल्हान, थाना बैकुंठपुर, जिला रीवा।
एक आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में अमित शाह नामक आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बंडोल उपनिरीक्षक मनोज कुमार जंघेला सहित प्रधान आरक्षक जयेंद्र बघेल, सत्येंद्र चंद्रवंशी, रजनीकांत ठाकुर, नौशाद खैरो, राकेश मिश्रा तथा आरक्षक राहुल कुशवाहा, विजय मरपी, इंद्रभान मर्सकोले और महिला आरक्षक रुकमणी डेहरिया की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मामले का खुलासा हुआ है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।