गोपालगंज जनविश्वास शिविर में ग्रामीणों ने रखीं अपनी परेशानियां, कहीं बिजली की शिकायत तो कहीं सफाई व्यवस्था पर सवाल; समूह को 6 लाख और दो महिलाओं को 1-1 लाख के ऋण स्वीकृत
Seoni, 24 October 2026
सिवनी यशो:- सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने के बजाय जब प्रशासन गांव में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनता है, तो उम्मीदें भी बढ़ती हैं और व्यवस्थाओं की हकीकत भी सामने आती है। सिवनी विकासखंड के ग्राम गोपालगंज में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। विधायक दिनेश राय और कलेक्टर नेहा मीना ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राशन, आवास और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मिली शिकायत पर कलेक्टर ने स्वच्छता प्रभारी और पंचायत सचिव को नोटिस जारी करने तथा जांच के लिए दल गठित करने के निर्देश दिए।

शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश, सफाई व्यवस्था की होगी जांच
शिविर में ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायत पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम की साफ-सफाई और पंचायत व्यवस्था से जुड़ी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए स्वच्छता प्रभारी एवं पंचायत सचिव के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। मामले की जांच के लिए दल गठित करने को भी कहा गया।
कलेक्टर नेहा मीना ने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। आवेदकों को भी बताया जाए कि उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई।

कम बारिश के बीच किसानों को रबी की तैयारी का संदेश
कम वर्षा की स्थिति ने आगामी रबी सीजन में पानी के विवेकपूर्ण इस्तेमाल का सवाल खड़ा कर दिया है। शिविर में किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली फसलों को प्राथमिकता देने और उपलब्ध जल संसाधनों का सोच-समझकर उपयोग करने की सलाह दी गई। कृषि विभाग ने खाद-बीज की उपलब्धता और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी साझा की, ताकि किसान समय रहते फसल की तैयारी कर सकें।
छह लाख की मदद से समूह को सहारा, दो महिलाओं को मुद्रा ऋण
शिविर में समस्याओं के साथ आजीविका और स्वरोजगार से जुड़े काम भी सामने आए। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के हर हर महादेव स्व-सहायता समूह को 6 लाख रुपये की सीसीएल राशि का स्वीकृति पत्र दिया गया। श्रीमती विनीता चंद्रवंशी और श्रीमती ज्योतिश्वरी कोसरे को एक-एक लाख रुपये के मुद्रा ऋण के स्वीकृति पत्र सौंपे गए। स्वामित्व योजना के पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क रजिस्ट्री की प्रतियां भी प्रदान की गईं।

पिता के निधन के बाद अखिलेश को मिली अनुकंपा नियुक्ति
शिविर में श्री अखिलेश श्रीवास को अनुकंपा नियुक्ति का आदेश सौंपा गया। उनके पिता पंचायत विभाग में शासकीय सेवा में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर अखिलेश को शासकीय सेवा में नियुक्ति प्रदान की गई। यह नियुक्ति उनके परिवार की जिम्मेदारियां संभालने में सहारा बनेगी। आदेश मिलने पर उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
किसी ने शुरू किया रेस्टोरेंट, किसी ने बेकरी; योजनाओं से आगे बढ़े उद्यम
शिविर के उद्यम संवाद में सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने काम को आगे बढ़ाने वाले हितग्राहियों ने अनुभव साझा किए। इन कहानियों में पशुपालन से लेकर रेस्टोरेंट, सीएससी सेंटर और बेकरी व्यवसाय तक की गतिविधियां शामिल रहीं।
आचार्य विद्यासागर योजना के हितग्राही शीतल सनोडिया ने पशुपालन में मिले सहयोग की जानकारी दी। श्रीमती शांति साहू ने किसान क्रेडिट कार्ड से पशुपालन कार्य में मिल रही सहायता के बारे में बताया। पीएमईजीपी के हितग्राही ब्रजमोहन ठाकुर ने रेस्टोरेंट संचालन का अनुभव साझा किया, जबकि ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी लीना कोरी ने सीसीएल की मदद से सीएससी सेंटर शुरू करने की जानकारी दी।
श्रीमती ललिता मर्सकोले ने कृषि कार्य से जुड़े अनुभव बताए। वहीं, पीएमएफएमई योजना की हितग्राही धनेश्वरी सनोडिया ने बेकरी उद्योग संचालित करने के बारे में जानकारी दी। इन अनुभवों के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि योजनाओं की जानकारी लेकर और उपलब्ध सहायता का लाभ उठाकर स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शिविर में अतिथियों ने पौधरोपण किया। ग्रामीणों को पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों के बीच पहुंचे विधायक और कलेक्टर, साथ बैठकर किया भोजन
शिविर के समापन पर विधायक दिनेश राय, कलेक्टर नेहा मीना और अन्य अतिथि विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और उनसे बातचीत कर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
शिविर में जनपद अध्यक्ष किरण भलावी, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी