जिलाध्यक्ष मीना बिसेन की अध्यक्षता में हुई बैठक; संतोष नगपुरे को जिला संयोजक की जिम्मेदारी, संगठन के जरिए जन-जन तक पहुंचाएंगे अभियान का संदेश
Seoni, 24 October 2026
सिवनी यशो:- सेवा संकल्प अभियान की सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अब ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को जिले में प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय, सिवनी में जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान को जिला स्तर से लेकर मंडल स्तर तक व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए टोली गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती मुकेश डहेरिया बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष वेद सिंह ठाकुर एवं प्रेम तिवारी जिला महामंत्री गजानन पंचेश्वर एवं मुकेश बघेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष डां. अभिजीत सिंह चौहान मंचासीन रहे तथा बैठक में भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडलों के अध्यक्ष नगरीय एवं जनपद पंचायतो के प्रमुख, मोर्चा प्रकोष्ठों के प्रमुख सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प की सफलता के बाद नए अभियान पर जोर
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने सेवा संकल्प अभियान की सफलता पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि जिस समर्पण और संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाया, उसी भावना के साथ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को भी आगे बढ़ाना है।
उन्होंने अभियान की आवश्यकता पर अपनी बात रखते हुए कहा कि विरोधी दलों द्वारा भ्रामक बातें फैलाकर लोगों को भ्रमित करने और भीड़ जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों के आधार पर लोगों तक सही जानकारी पहुंचाएं और भ्रम की स्थिति को दूर करने का प्रयास करें।
संतोष नगपुरे को जिला संयोजक की जिम्मेदारी
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने जिला उपाध्यक्ष संतोष नगपुरे को जिला संयोजक नियुक्त किया है। बैठक में अभियान के जिला प्रभारी संतोष नगपुरे ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और निर्धारित गतिविधियों के क्रियान्वयन की जानकारी दी।
जिला स्तरीय टोली के साथ मंडल स्तर तक अभियान टोली गठित करने पर जोर दिया गया, ताकि कार्यक्रमों का संचालन समन्वित ढंग से हो और संगठन के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान का संदेश पहुंचा सकें। जिला टोली अभियान की गतिविधियों, संगठनात्मक समन्वय और जनजागरूकता कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभाएगी।
कानून का सम्मान और नागरिक सुरक्षा बनेगा अभियान का संदेश
जिला संयोजक संतोष नगपुरे ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा, अव्यवस्था और भीड़ के दबाव के माध्यम से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली प्रवृत्तियों के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाना है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और असहमति व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन विवादों का समाधान हिंसा, धमकी या दबाव के बजाय संविधान और कानून के दायरे में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से कानून के शासन, नागरिकों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। भाजपा संगठन अब जिला और मंडल स्तर की तैयारियों के जरिए अभियान को गति देने की दिशा में काम करेगा।