सिवनी/आदेगांव। जिले के आदेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर ग्राम गोराबीबी के पास सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर में अचानक आग लग गई।
इस घटना में कंटेनर पूरी तरह जलकर खाक हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इसमें किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार बैंगलुरु से मुजफ्फरपुर की ओर प्लाईवुड एवं गद्दे से भरा कंटेनर जा रहा था।
इसी दौरान लखनादौन-नरसिंहपुर मार्ग पर ग्राम गोराबीबी के पास ट्रक का टायर पंचर हो गया।
चालक-परिचालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर पंचर सुधार रहे थे, तभी अज्ञात कारणों से कंटेनर में भीषण आग भड़क उठी।
सूचना मिलते ही नगर परिषद लखनादौन की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से कंटेनर का एक साइड कटवाकर करीब सात फायर वाहन से पानी डालकर आग पर काबू पाया गया।
तब तक पूरा कंटेनर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो चुका था।
फिलहाल पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।