सिवनी में परंपरा, संस्कृति और खेल का संगम: इनामी दंगल, दुर्गा उत्सव समितियों का सम्मान और राज्य स्तरीय चौपड़ प्रतियोगिता में शामिल हुए विधायक मुनमुन
दुर्गा उत्सव समितियों के समर्पण, समन्वय और आकर्षक प्रस्तुतियों की विधायक ने की सराहना
सिवनी यशो :- सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने शनिवार, 24 अक्टूबर को नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं खेल आयोजनों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने इनामी दंगल, नवरात्रि दुर्गा उत्सव आयोजन समितियों के सम्मान समारोह तथा राज्य स्तरीय चौपड़ प्रतियोगिता में पहुंचकर आयोजकों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों से मुलाकात की। विधायक ने विभिन्न आयोजनों की सराहना करते हुए आयोजन समितियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मठ मंदिर मैदान में इनामी दंगल में हुए शामिल
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सर्वप्रथम नगर के मठ मंदिर मैदान में श्री बजरंग अखाड़ा सिवनी द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित विशाल इनामी दंगल में अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने साफा पहनाकर एवं पुष्पमालाओं से उनका आत्मीय स्वागत किया। विधायक ने उपस्थित कुश्ती प्रेमियों का पुष्पवर्षा कर अभिवादन किया तथा स्वागत-सत्कार के लिए समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने दंगल के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को साधुवाद देते हुए इस प्रकार के आयोजनों को खेल गतिविधियों और पारंपरिक कुश्ती के प्रति लोगों का उत्साह बनाए रखने वाला बताया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी उपस्थित रहे।
दुर्गा उत्सव समितियों की परंपरा और समर्पण की सराहना
इसके पश्चात विधायक नगर के शुक्रवारी स्थित श्री बालरूप हनुमान मंदिर समिति द्वारा शरद पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित नवरात्रि दुर्गा उत्सव आयोजन समितियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजन समिति ने विधायक का माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया।

विधायक दिनेश राय मुनमुन ने दुर्गा उत्सव समितियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सिवनी जिले में दुर्गा उत्सव को पूरी गरिमा, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की परंपरा एक विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुकी है। इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए आयोजन समितियां पूरी निष्ठा, समर्पण और सामूहिक प्रयासों के साथ जुटी रहती हैं।
उन्होंने कहा कि दुर्गा उत्सव के दौरान समितियों द्वारा की जाने वाली आकर्षक सजावट, सुंदर प्रस्तुतियां और सुव्यवस्थित आयोजन उनके परिश्रम, रचनात्मक सोच तथा आपसी समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन होते हैं। मां दुर्गा के प्रति अटूट आस्था और समर्पण के साथ समितियां धार्मिक आयोजनों को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करती हैं। यह परंपरा धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
विधायक ने दुर्गा उत्सव के सफल आयोजन में योगदान देने वाली सभी समितियों के सदस्यों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
राज्य स्तरीय चौपड़ प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
विधायक दिनेश राय मुनमुन ग्राम लूघरवाड़ा के समीप स्थित कृष्णा लॉन में आयोजित राज्य स्तरीय विशाल चौपड़ प्रतियोगिता-2026 में भी सम्मिलित हुए। यहां आयोजन समिति के श्री सुरेन्द्र शेरू माल्या एवं उनके सहयोगियों ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर स्मृति चिह्न भेंट करते हुए विधायक का सम्मान किया।

इस अवसर पर विधायक ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों एवं आयोजकों से मुलाकात की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति की सराहना की।
सिवनी नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों में धार्मिक परंपराओं, सामाजिक सहभागिता और खेल गतिविधियों की जीवंत झलक देखने को मिली। आयोजकों, खिलाड़ियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने इन आयोजनों को विशेष स्वरूप प्रदान किया।