91.640 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 1,563.02 करोड़ रुपये होंगे खर्च, सिवनी-बालाघाट के बीच यातायात होगा सुगम
Seoni, 24 October 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास के वादों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी संकल्प की दिशा में सिवनी-बालाघाट मार्ग के फोरलेन उन्नयन एवं पुनर्निर्माण के लिए निविदा जारी होना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने इसे सिवनी और बालाघाट जिले के नागरिकों के लिए विकास की बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में यह कदम क्षेत्र के विकास को नई गति देगा।
मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड, भोपाल द्वारा जारी निविदा क्रमांक 723/MPRDC/Procu/2026 के अनुसार सिवनी-बालाघाट मार्ग के 91.640 किलोमीटर हिस्से को इंटरमीडिएट लेन से पेव्ह्ड शोल्डर सहित चार लेन में उन्नत एवं पुनर्निर्मित किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1,563.02 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। निविदा दस्तावेज के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करने की अवधि 24 माह रखी गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं होतीं, बल्कि वे व्यापार, रोजगार, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करती हैं। सिवनी-बालाघाट मार्ग के चौड़ीकरण से दोनों जिलों के बीच यातायात अधिक सुगम होगा। इससे यात्रियों, व्यापारियों, किसानों और परिवहन से जुड़े लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
यातायात का दबाव घटेगा, सफर होगा अधिक सुविधाजनक
सिवनी और बालाघाट के बीच आवागमन करने वाले लोगों के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। वर्तमान मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने, वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित बनाने और यात्रा को अधिक सुविधाजनक करने में फोरलेन सड़क की अहम भूमिका रहेगी। परियोजना के अंतर्गत सिवनी बायपास के मौजूदा 15.69 किलोमीटर हिस्से को भी शामिल किया गया है।
प्रस्तावित सड़क उन्नयन से बरघाट और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय व्यापार, कृषि उपज के परिवहन और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। पेंच और कान्हा जैसे पर्यटन क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी इस मार्ग का महत्व है।
विकास के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में कदम
इस परियोजना को आगे बढ़ाने में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार की भूमिका महत्वपूर्ण है। क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी और बरघाट विधायक श्री कमल मर्सकोले द्वारा भी इस मार्ग के उन्नयन की मांग उठाए जाने की जानकारी दी गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि क्षेत्र की जनता की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और विकास कार्यों को गति देना भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है। सिवनी-बालाघाट फोरलेन के लिए निविदा जारी होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब निविदा प्रक्रिया पूरी होने और आगे की आवश्यक औपचारिकताएं संपन्न होने के बाद निर्माण कार्य की दिशा में प्रगति होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस परियोजना के पूरा होने पर सिवनी-बालाघाट मार्ग पर यातायात अधिक सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। यह परियोजना सड़क संपर्क को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों के समय और यात्रा की सुविधा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
भाजपा का विकास संकल्प केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि उसे योजनाओं और कार्यों के माध्यम से धरातल पर उतारना है। सिवनी-बालाघाट फोरलेन के लिए निविदा जारी होना इसी संकल्प की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम है।