सिवनी जिले में सट्टा-मटका बेलगाम, धनोरा क्षेत्र में हालात गंभीर
ग्रामीण ने व्हाट्सएप पर जताई पीड़ा, एसपी से सख्त कार्रवाई की मांग
सिवनी यशो :- सिवनी जिले में सट्टा-मटका और ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से मिल रही शिकायतें यह संकेत दे रही हैं कि यह सामाजिक बुराई अब आम जनजीवन को गहराई से प्रभावित करने लगी है। इसी क्रम में धनोरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धनोरा–कहानी मार्ग पर स्थित थावरी हरई गांव से एक गंभीर शिकायत सामने आई है।
एक ग्रामीण द्वारा व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से भेजी गई जानकारी के अनुसार, थावरी हरई गांव सड़क के दोनों ओर बसा हुआ है और यहां खुलेआम सट्टा चल रहा है। स्थिति इतनी भयावह है कि सट्टा गतिविधियों के कारण सड़क के दोनों ओर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। यह गांव कहानी से मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर धनोरा रोड पर स्थित है।
ग्रामीण ने बताया कि कहानी में पुलिस चौकी मौजूद है, लेकिन यह चौकी घंसौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है, जिससे धनोरा क्षेत्र की निगरानी और कार्रवाई को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रहती है। इसका सीधा लाभ सटोरियों को मिल रहा है।
ग्रामीण का कहना है कि सट्टे की लत ने गांव की गरीब जनता की आर्थिक स्थिति को पूरी तरह तोड़ दिया है। रोज़मर्रा की मेहनत से कमाने वाले लोग सट्टे में फंसकर कर्ज़ और बर्बादी की ओर बढ़ रहे हैं। हालात यह हैं कि अब बड़े-बड़े और प्रतिष्ठित परिवारों के बच्चे भी इस लत की चपेट में आकर बिगड़ते जा रहे हैं।
ग्रामीण ने जिला पुलिस अधीक्षक महोदय से आग्रह किया है कि इस दिशा में तत्काल और कठोर कदम उठाकर सट्टा-मटका के इस अवैध कारोबार को बंद कराया जाए, ताकि गांव और क्षेत्र का भविष्य बचाया जा सके।
सूत्रों के अनुसार, यह समस्या केवल धनोरा या थावरी हरई गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सिवनी जिले में सट्टा-मटका और ऑनलाइन सट्टा चरम पर है। ऑनलाइन माध्यमों से संचालित सट्टे ने स्थिति को और अधिक जटिल बना दिया है, जिस पर प्रभावी निगरानी और तकनीकी कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस गंभीर सामाजिक समस्या पर कब और कितनी सख्ती से कदम उठाते हैं।



