एसपी सुनील मेहता ने छपारा चोरी कांड का किया मुआयना, सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
Seoni 26 June 2025
सिवनी यशो:- छपारा नगर में 23 जून की रात एक के बाद एक चार चोरियों की घटनाओं से हड़कंप मच गया। गुरुवार 26 जून को सिवनी जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने इन घटनास्थलों का निरीक्षण कर स्थानीय पुलिस अधिकारियों और व्यापारियों से चर्चा की। एसपी के साथ एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी और छपारा थाना प्रभारी निरीक्षक खेमेंद्र कुमार जैतवार सहित एक बड़ा पुलिस बल उपस्थित रहा।

चार चोरियाँ, तीन सराफा दुकानें और एक मकान बना निशाना
जानकारी के अनुसार, 23 जून की रात अज्ञात चोरों ने छपारा के एक सूने मकान और तीन ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाया। इस घटना से नगर में दहशत का माहौल बन गया। लगातार चोरी की वारदातों से नागरिकों में भय और नाराज़गी व्याप्त है।
पुलिस अधीक्षक का निरीक्षण व पूछताछ
एसपी सुनील मेहता ने गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे घटनास्थल का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली और स्थानीय थाना पुलिस को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि नगर में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सराफा व्यापारियों से बैठक: CCTV अनिवार्य
चोरी की वारदात के बाद 25 जून को थाना परिसर छपारा में थाना प्रभारी जैतवार ने सभी सराफा व्यापारियों की बैठक ली। बैठक में दुकानों की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने का सुझाव दिया गया।
नगर परिषद को भी दिए गए निर्देश
थाना स्तर से नगर परिषद छपारा को पत्र जारी कर नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौक-चौराहों पर CCTV लगाने की अनुशंसा की गई है। इससे न केवल अपराध पर नजर रखी जा सकेगी, बल्कि चोरों की पहचान और गिरफ्तारी भी सुगम होगी।
सुरक्षा को लेकर एसपी की अपील
एसपी मेहता ने सभी नागरिकों, खासकर व्यापारियों से सजग रहने, सुरक्षा उपकरण लगाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



