“बंद करो भ्रष्टाचार, अबकी बार आर-पार”: 8 पार्षद अनिश्चितकालीन अनशन पर, करोड़ों के घोटाले के आरोप
नगर परिषद में भर्ती, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट और निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता का आरोप

केवलारी (सिवनी) यशो :- “बंद करो भ्रष्टाचार, अबकी बार आर-पार” की बुलंद आवाज के साथ केवलारी नगर परिषद के 15 वार्डों में से 8 पार्षद एकजुट होकर नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन पर बैठ गए हैं। 19 मार्च 2026 से चांदनी चौक में शुरू हुआ यह आंदोलन अब जनआक्रोश का रूप लेता जा रहा है।
अनशन पर बैठे पार्षदों में स्वराज सिंह बघेल, राममिलन कुर्वेती, श्रीमती राजकुमारी राजेश उइके, श्रीमती अनुसुइया सुरेंद्र साहू, नीरज रानू ठाकुर, श्रीमती साधना दारासिंह जंघेला, श्रीमती देवकी सेवकराम साहू और श्रीमती मिथलेस नीरू तेकाम शामिल हैं। महिला पार्षदों के स्थान पर उनके पति अनशन स्थल पर बैठे हुए हैं।
भर्ती और पीआईसी में मनमानी के आरोप
पार्षदों का आरोप है कि नगर परिषद के गठन के बाद से बिना पार्षदों को विश्वास में लिए कर्मचारियों की भर्ती की गई। पीआईसी में एक ही वर्ग के लोगों को रखकर मनमर्जी से प्रस्ताव पारित किए गए और करोड़ों रुपये के बिल पास किए गए।
स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट में करोड़ों का खेल
ठेकेदार के.के. अग्रवाल की फर्म कृष्णा ट्रेडर्स से सांठगांठ कर 18,94,500 रुपये की लागत से 30 अनब्रांडेड ट्यूबलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने का आरोप है। पार्षदों के अनुसार ऐसे दर्जनों बिलों के माध्यम से लगभग 5 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
जेम पोर्टल के माध्यम से बाजार मूल्य से 5 गुना अधिक दर पर खरीदी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जबकि जुलाई 2025 से इनकी उपयोगिता नहीं है।
अन्य फर्मों से ट्यूबलर पोल और हाईमास्ट की खरीदी में भी अनियमितताएं बताई गई हैं। इसके अलावा नगर में गुणवत्ता विहीन सड़कों और नालियों के निर्माण को लेकर भी पार्षदों ने सवाल उठाए हैं।
जांच की मांग तेज
पार्षदों ने 10 फरवरी को कलेक्टर को शिकायत सौंपकर न्यू प्रभात सेल्स कॉर्पोरेशन और कृष्णा ट्रेडर्स के बिलों की जांच की मांग की है। साथ ही नगर परिषद की पीआईसी बैठक में पारित प्रस्तावों की भी जांच की मांग उठाई गई है।
पार्षदों ने साफ कहा है कि जब तक निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका अनशन जारी रहेगा।



