मध्यप्रदेशसिवनी

नवागत एसपी कृष्ण लालचंदानी का सख्त संदेश

पहली क्राइम मीटिंग में बोले – अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई, फरियादियों की शिकायतों का हो त्वरित निराकरण

सिवनी यशो :- नवागत जिला पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने पदभार ग्रहण करने के बाद शनिवार को जिला पुलिस कंट्रोल रूम में अपनी पहली अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान नवागत पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा प्रत्येक मामले में त्वरित और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के समय-सीमा में प्रभावी निराकरण पर विशेष जोर दिया।

बैठक में लंबित अपराध, शिकायतें और विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित समंस एवं वारंटों की तामीली में तेजी लाने तथा गुमशुदा बालक-बालिकाओं की जल्द दस्तयाबी सुनिश्चित करने को कहा गया।

महिला संबंधी अपराधों पर विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर प्रकरण की जांच प्राथमिकता के साथ की जाए।

इसके अलावा जिले में संचालित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, गौवंश तस्करी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करना और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों एवं योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर भी बल दिया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं सूबेदार उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button