विद्यार्थियों ने पेंच पार्क में देखे शेर
इको क्लब के छात्रों ने किया पेंच टाइगर रिजर्व का शैक्षणिक भ्रमण
Chhindwara 11 March 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, छिंदवाड़ा की इको क्लब इकाई द्वारा पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और प्रकृति के महत्व को नज़दीक से समझने के लिए प्रेरित करना था। यह आयोजन प्राचार्य डॉ. वाय. के. शर्मा के मार्गदर्शन और इको क्लब प्रभारी डॉ. ऋतु शर्मा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पेंच टाइगर रिजर्व के कर्माझिरी गेट पर वन परिषद अधिकारी श्री राहुल उपाध्याय ने छात्रों को पेंच राष्ट्रीय उद्यान के इतिहास, भौगोलिक स्थिति, बफर जोन एवं कोर जोन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वनस्पतियों और वन्यजीवों की विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण हेतु किए जा रहे वन विभाग के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
भ्रमण के दौरान छात्रों के लिए पर्यावरण एवं वन्य जीवन पर आधारित एक रोचक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें एमएससी प्रथम वर्ष के छात्र सिनोद यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित शासकीय महाविद्यालय बिछुआ के डॉ. नवीन चौरसिया ने विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर व्याख्यान दिया और टाइगर सफारी के लिए आवश्यक दिशानिर्देश साझा किए।
विद्यार्थियों ने सफारी के दौरान बाघ, चीतल, सांभर, लंगूर, बायसन, मोर, जंगली सूअर और कई अन्य वन्यजीवों तथा पक्षियों की दुर्लभ प्रजातियों को उनके प्राकृतिक आवास में नज़दीक से देखा। इस अनुभव ने उनमें प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता उत्पन्न की।
इस सफल आयोजन में कु. दोषिता दास, रतिराम मालवीय एवं इको क्लब के सक्रिय छात्र-छात्राओं – चंचलेश साहू, संकल्प विश्वकर्मा, भूमिका धुर्वे आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस प्रकार, यह शैक्षणिक भ्रमण न केवल ज्ञानवर्धक रहा बल्कि विद्यार्थियों को प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के लिए प्रेरित भी किया।





