प्रतिभाशाली विद्यार्थी 1492 स्कूली बच्चों के खातें में पहुँची 25-25 हजार की राशि
जिला स्तरीय हितलाभ वितरण कार्यक्रम प्रभारी मंत्री के मुख्यातिथ्य में हुआ आयोजित
Seoni 04 July 2025
सिवनी यशो:- प्रदेश शासन के राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार 04 जुलाई को सांदीपनि विद्यालय छपारा में प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना का जिलास्तरीय हितलाभ वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले जिले के 1492 विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये की राशि लैपटॉप क्रय करने के लिये उनके बैंक खाते में अंतरित हुई। कार्यक्रम में विधायक दिनेश राय, विधायक रजनीश सिंह ठाकुर, विधायक कमल मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया, जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्यजन और स्कूली छात्र- छात्राओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित कर प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने कहा की शासन की महत्वपूर्ण योजना द्वारा प्रदेश के 94 हजार से अधिक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को लैपटॉप प्रदान किया जाना निश्चित रूप से हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा की शासन के इस प्रोत्साहन से बच्चे नवीन तकनीक से जुड़कर ओर बेहतर रूप से अध्ययन कर सकेंगे। प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए है, नवीन शिक्षा नीति के बाद शिक्षा का स्तर में भी परिवर्तन आया है।
प्रभारी मंत्री श्री वर्मा कहा कि प्रत्येक ग्राम तक पक्की सड़क और प्रत्येक घर तक बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं की पहुँच हो, इस उद्देश्य से प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने प्रदेश में राजस्व विभाग में आम नागरिकों की सुविधा के लिए किये जा रहे नवाचारों को विशेष रूप से रेखांकित किया।

गिफ्ट अ डेस्क पहल की सराहना की
प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने जिलें के प्रत्येक प्राथमिक शासकीय विद्यालय में डेस्क- बेंच की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा दानदाताओं के सहयोग से चलाई जा रही गिफ्ट अ डेस्?क पहल की सराहना कर स्वयं 20 हजार रुपये का सहयोग करने की बात की।
विधायक दिनेश राय ने लाभान्वित हुए विद्यार्थियों को बधाई देकर भविष्य में भी पूरे जी जान से मेहनत कर अपने और अपने माता पिता के सपने को साकार करने के लिए प्रेरित की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में छात्र- छात्राओ की बेहतर शिक्षा के अधोसंरचना के साथ ही सभी जरूरी इंतजाम किए गए है।
विधायक कमल मर्सकोले ने कहा कि स्कूली शिक्षा के उन्नयन की दिशा में स्कूल- कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने प्रत्येक जरूरतमंद बच्चे की सुविधा एवं प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति, साइकल व्यवस्था, लेपटॉप दिया जा रहा है। विधायक श्री मर्सकोले ने उपस्थित बच्चों को मेहनत कर अपने लक्ष्य को पाने के लिये प्रेरित किया।
विधायक रजनीश सिंह ठाकुर ने कहा कि स्कूली शिक्षा में सरकार द्वारा किये जा रहे कार्य निश्चित रूप से युवाओं के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने उपस्थित छात्र- छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा और संस्कार ही व्यक्ति को समाज मे आगे ले जाते है, सभी बच्चे अच्छी शिक्षा और अच्छे संस्कार और आचार- विचार को आत्मसात करने का प्रयास करें।
आयोजित कार्यक्रम में सभी के द्वारा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को देखा एवं सुना गया। इसके उपरांत अतिथियों में प्रतीकात्मक रूप से लाभांवित स्कूली बच्चों को हितलाभ का वितरण किया गया। साथ ही बच्चों द्वारा भी अपना अनुभव साझा कर प्रदेश शासन की कल्याणकारी योजना के लिये धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने छपारा के लोकतंत्र सैनानी नागेन्?द्र सिंह भारद्वाज एवं राकेश सिंह भारद्वाज को ताम्रपत्र एवं शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया।



