Uncategorized

स्कूल में पढ़ाते समय शिक्षक को आया हार्ट अटैक, जिला अस्पताल में मृत घोषित

अचानक बिगड़ी तबीयत, निजी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर, परिजनों में शोक

सिवनी यशो :- ‌ इन दिनों हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। ऐसा ही एक दुखद मामला सोमवार को सामने आया, जब स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे एक शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उपचार के लिए उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बांकी चौकी के समीप ग्राम जुरतरा निवासी 60 वर्षीय शिक्षक जगराम उइके, पिता घंशु उइके, रोज की तरह सोमवार को बंडोल क्षेत्र के ग्राम मोठार स्थित स्कूल में पढ़ाने पहुंचे थे। दोपहर लगभग 12 बजे कक्षा के दौरान अचानक उन्हें तेज घबराहट हुई और अत्यधिक पसीना आने लगा।

तबीयत बिगड़ते देख स्कूल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। साथ मौजूद शिक्षकों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और शिक्षक को उपचार के लिए सिवनी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। निजी अस्पताल में प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजन जब शिक्षक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों में भी शोक की लहर है। शिक्षक जगराम उइके को एक सरल, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक के रूप में जाना जाता था।

फिलहाल पुलिस द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!