मुख्यमंत्री मोहन यादव का शिक्षक संघ ने माना आभार, 1.22 लाख शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान की सौगात
35 वर्ष सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों को मिलेगा 3 से 5 हजार रुपये प्रतिमाह लाभ, कैबिनेट ने दी 322 करोड़ से अधिक की स्वीकृति
मुख्यमंत्री मोहन यादव का शिक्षक संघ ने माना आभार
सिवनी। मध्य प्रदेश के 1.22 लाख सहायक शिक्षकों एवं उच्च श्रेणी शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान कैबिनेट द्वारा स्वीकृत किए जाने पर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला सिवनी ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
शिक्षक संघ के मीडिया प्रभारी बृज किशोर शर्मा ने बताया कि चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान शिक्षकों की बहुप्रतीक्षित लंबित मांगों में से एक थी, जिसके लिए संघ लंबे समय से संघर्षरत था और अनेक ज्ञापनों के माध्यम से शासन के समक्ष इसे प्रमुखता से रखा गया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में इस मांग को पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया था, जिसे अब कैबिनेट के माध्यम से स्वीकृति प्रदान की गई है।
संघ के जिला अध्यक्ष अविनाश पाठक ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष छत्रवीर सिंह राठौर के कुशल नेतृत्व एवं सतत प्रयासों का परिणाम है।
इस वेतनमान का लाभ 35 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण कर चुके शिक्षकों को मिलेगा। इससे पदोन्नति की पात्रता रखने वाले शैक्षणिक संवर्ग के सहायक शिक्षक, शिक्षक तथा नवीन शैक्षणिक संवर्ग के प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों को प्रति माह 3 से 5 हजार रुपये का आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
इसके लिए शासन द्वारा 322 करोड़ 34 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।



