जिला कलेक्टर की माँनीटरिंग में 155 केन्द्रों में 12 वीं बोर्ड का पहला पेपर हुआ
प्रशासनिक अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग व जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों के दलों द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
Chhindwara 26 February 2025
छिंदवाड़ा यशो:- माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा आयोजित की जाने वाली हायर सेकेण्डरी परीक्षा सत्र 2024-2025 आज 25 फरवरी 2025 से छिन्दवाड़ा जिले में स्थापित 126 एवं पांढुर्णा जिले में स्थापित 29 परीक्षा केंद्रों पर प्रारम्भ हो चुकी है। जिसकी सतत् मॉनीटरिंग कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार द्वारा की जा रही है। कक्षा 12वीं के हिन्दी विषय के प्रश्नपत्र की परीक्षा सम्पन्न हुई। जिसमें कक्षा 12वीं में 20901 दर्ज विद्यार्थियों में से 20519 विद्यार्थी उपस्थित रहे तथा 382 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में 10 दिव्यांग विद्यार्थी शामिल हुये, जिसमें से 4 विद्यार्थियों के लिये राईटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस.बघेल ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिये विकासखण्ड स्तर एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किये जाकर सभी 155 परीक्षा केंद्रों की सतत मॉनीटरिंग की गई। परीक्षा में पारदर्शिता रखने एवं नकल की दृष्प्रवृत्ति को रोकने के लिये कलेक्टर श्री सिंह द्वारा स्थापित प्रशासनिक अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग व जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों के दलों द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जिला स्तरीय निरीक्षण दलों द्वारा किये गये निरीक्षणों की संख्या 14 तथा विकासखण्ड स्तरीय निरीक्षण दलों द्वारा किये गये निरीक्षणों की संख्या 61 रही। जिला स्तर एवं विकासखण्ड स्तर पर सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों के दलों द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिन्दवाड़ा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिन्दवाडा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उभेगाँव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लिंगा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीसापुरकला में जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल द्वारा निरीक्षण किया गया ।



