मध्यप्रदेशमंडलासिवनी

पुलिस ग्राउंड में बिखरी मिलेट्स की खुशबू: सांस्कृतिक कार्यक्रमों और व्यंजनों से महकी मंडला की शाम

पुलिस ग्राउंड में बिखरी मिलेट्स की खुशबू: सांस्कृतिक कार्यक्रमों और व्यंजनों से महकी मंडला की शाम

मंडला मिलेट फूड फेस्टिवल में सजी स्थानीय उत्पादों की श्रृंखला, दो दिवसीय मेले का शुभारंभ

मंडला यशो :- मोटे अनाज के उपयोग के प्रति आमजन को जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय मंडला मिलेट फूड फेस्टिवल का शुभारंभ शुक्रवार को नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा द्वारा पुलिस ग्राउंड में किया गया। यह फूड फेस्टिवल शनिवार 14 फरवरी तक चलेगा।

फूड फेस्टिवल के अवसर पर पुलिस ग्राउंड को अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाया गया। रंग-बिरंगी लाईटिंग, लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं मिलेट्स आधारित व्यंजनों की खुशबू ने संपूर्ण वातावरण को उत्सवमय बना दिया। बड़ी संख्या में नगरवासी फेस्टिवल में पहुंचे और स्थानीय स्वादों का भरपूर आनंद लिया।

50 से अधिक स्टॉलों पर सजे मिलेट्स आधारित व्यंजन

मंडला मिलेट फूड फेस्टिवल में 50 से अधिक स्टॉलों पर मिलेट्स से बने स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। शुभारंभ अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया, प्रतिभागियों से चर्चा की और व्यंजनों का स्वाद लिया।

इस अवसर पर उपसंचालक कृषि अश्विनी झारिया, एसडीओ कृषि मधु अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ये स्वाद बने आकर्षण का केंद्र

मेले में कोदो की खीर, चेंच की भाजी, कंगनी, कोदो एवं कुटकी की खीर, ज्वार की रोटी, सरसों का साग, रागी डोसा सहित अनेक जनजातीय एवं पारंपरिक व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक फूड फेस्टिवल में भाग लिया और मिलेट्स आधारित स्वस्थ व्यंजनों की सराहना की।

फूड फेस्टिवल में महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन, स्व-सहायता समूह, कृषि विभाग, आत्मा, कार्ड, रदा किचन, उत्कृष्ट विद्यालय, नवोदय तंदूरी चाय, दुग्ध संघ सहित विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं प्रतिष्ठानों द्वारा स्टॉल लगाए गए।

कृषि विभाग ने किया ‘श्री अन्न’ का प्रभावी प्रदर्शन

फूड फेस्टिवल में कृषि विभाग द्वारा श्री अन्न (मिलेट्स) का प्रभावी एवं रचनात्मक प्रदर्शन किया गया। कोदो, कुटकी, रागी, सवा, चिया सीड, बाजरा, जौ सहित अन्य मोटे अनाजों से आकर्षक रंगोलियां तैयार की गईं।

साथ ही विभिन्न मिलेट्स के दानों को पृथक-पृथक स्टॉलों में प्रदर्शित कर लोगों को इनके पोषण मूल्य, उपयोग एवं जैविक खेती के महत्व की जानकारी दी गई। इन प्रयासों के माध्यम से श्री अन्न उत्पादन को बढ़ावा देने और जैविक कृषि की ओर जनमानस को प्रेरित किया गया।

मंडला मिलेट फूड फेस्टिवल स्वाद, स्वास्थ्य और संस्कृति का सुंदर संगम बनकर उभरा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!