गरीब आदिवासियों को इसाई बनाने विदेश में नौकरी का प्रलोभन
बजरंग दल ने दिखाई सजगता, धर्मांतरण के लिये जा रहे 18 आदिवासियों को रोका, गंजबासौदा रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई धर्मांतरण से संबंधित मामले में 11 को ट्रेन से उतारा गया और बीना में 07
Chhindwara 13 March 2025
छिंदवाड़ा यशो :- एक एक लाख रूपये नगद, बच्चों की क्रिश्चन स्कूल में मुफ्त पढ़ाई एवं विदेश में नौकरी का प्रलोभन देकर छिंदवाड़ा के गरीब मजदूर वर्ग को धर्मांतरण के लिये पंजाब के फिरोजपुर लेकर लेकर जा रहे सहजनाथ नामक व्यक्ति सहित 18 व्यक्तियों को पुलिस ने गंजबासौदा एवं बीना स्टेशन में उतार लिया और इनसे पूंछताछ की जा रही है । प्राप्त जानकारी के अनुसार इनके पास से इसाई धर्म से संबंधित साहित्य भी मिला है ।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि छिंदवाड़ा निवासी सहज नाथ 18 गरीब आदिवासियों को धर्मांतरण के लिए पंजाब ले जा रहा है । इस बात की सूचना बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दी शिकायत के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता जीआरपी और सिविल पुलिस के साथ ट्रेन के एस3 और एस4 कोच में पहुंचे. जिसके बाद 11 यात्रियों को गंजबसौदा रेलवे स्टेशन पर उतार लिया गया । वहीं 7 यात्री नहीं उतरें, जिन्हें बीना रेलवे स्टेशन पर उतारा गया ।
गंजबासौदा रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई में रेलवे पुलिस और शहर थाना पुलिस ने 11 संदिग्ध लोगों को पकड़ा, जिन पर धर्मांतरण का आरोप है। यह कार्रवाई हिंदू वादी संगठन के कार्यकर्ताओं की सूचना के आधार पर की गई थी।
पकड़े गए संदिग्धों में से एक ने बताया कि वह सभी को पंजाब के चर्च ले जा रहा था, जहां उनकी प्रार्थना कराई जानी थी। पुलिस ने संदिग्धों के पास से ईसाई धर्म का साहित्य भी बरामद किया है।
हिंदू वादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को एक शिकायती पत्र भी दिया है, जिसमें गरीब आदिवासी लोगों के धर्मांतरण का आरोप लगाया गया है। संगठन के नीलेश अग्रवाल ने बताया कि धर्मांतरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हम प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कठोर कार्यवाही की मांग करते हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही गंजबासौदा एसडीएम विजय राय और एसडीओपी मनोज मिश्रा मौके पर पहुंचे जीआरपी एसआई बलवंत सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि बजरंग दल से जुड़े लालसिंह खटीक की सूचना पर इन यात्रियों को रोका गया ।



