भाजपा मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद भाजपा में मचा घमासान
पांच मंडलों अध्यक्षों का निर्वाचन निरस्त, कुछ मंडलों और हो सकते है निर्वाचन निरस्त
Seoni 17 December 2024
सिवनी यशो:-भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनाव प्रदेश में एक साथ प्रारंभ है । पिछले दिनों सिवनी के 27 मंडलों के लिये जिला निर्वाचन अधिकारी सीधी सांसद राजेश मिश्रा की उपस्थिती में निर्वाचन प्रक्रिया भाजपा नेतृत्व के द्वारा निर्धारित मापदंडो के अनुरूप संपन्न हुई । जिले के 27 मंडलो के लिये संपन्न निर्वाचन प्रक्रिया के पश्चात प्रदेश भाजपा ने सबसे अंत में सिवनी जिले के मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की परंतु इस सूची में केवल 23 मंडल अध्यक्षों ं के नाम की घोषणा की गयी और चार भाजपा के मंडल क्रमश: सिवनी नगर दक्षिण मंडल, कान्हीवाड़ा, धनौरा, एवं करकोटी मंडल के अध्यक्षों की घोषणा को रोक दिया गया । यह सूची भाजपा प्रदेश कार्यालय के द्वारा 16 दिसंबर को सुबह जारी की गयी थी ।
16 दिसंबर को सुबह जारी की गयी इस सूची के बाद पूरे जिले में भाजपाई कार्यकत्र्ताओं में घमासान की स्थिती बन गयी और जारी सूची में इतनी अधिक अंधेरगर्दी थी कि भाजपा के कार्यकत्र्ताओं, वरिष्ठ नेताओं एवं सांसद विधायक तक में भारी असंतोष निर्मित होने की चर्चाएं भाजपाई खेमे में रही और अनेक मंडलों में हुई नियुक्तियों को लेकर भाजपाई कार्यकत्र्ताओं ने जिला मुख्यालय से लेकर दिल्ली तक तूफान खड़ा कर दिया परिणाम यह हुआ कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा 16 दिसंबर की रात्रि को ही पाँच मंडलों की नियुक्ति निरस्त करना पड़ी और इन निरस्त पांच भाजपा मंडल अध्यक्षों की अधिकृत घोषणा भाजपा के निर्वाचन अधिकारी के हस्ताक्षर से जारी की गयी ।
भाजपा के जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश मिश्रा ने जिन पांच मंडल अध्यक्षों की घोषणा निरस्त की है उनमें सिवनी नगर उत्तर मंडल के घोषित अध्यक्ष अंशुल चौरसिया, बंडोल मंडल में पुरूषोत्तम बघेल, बीजादेवरी मंडल में मोहन डहेरिया, सुकतरा मंडल में श्रीमती गीता सनोडिया एवं कुरई मंडल में शुभम अग्रवाल की नियुक्ति की गयी थी । इन मंडलों में हुई नियुक्तियों को भाजपा के जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया में गडग़बड़ी होने का कारण बताते हुये निरस्त करने की अधिकृत घोषणा की है । यहाँ बता दें कि इन निरस्त नियुक्ति के अतिरिक्त जिले के अन्य और भी ऐसे मंडल है जहाँ मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर भाजपाई कार्यकत्र्ताओं एवं नेताओं में भारी असंतोष बना हुआ है । सूत्र बता रहे है कि भाजपा मंडल अध्यक्षों की जो घोषणा हुई है उनमें से पांच के अतिरिक्त और मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति रद्द की जा सकती है ।



