छिंदवाड़ाधर्म

भगवान जगन्नाथ की निकली भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ

पातालकोट की संस्कृति से सजा शहर, 50 लोक कलाकारों ने पेश की भक्ति की झलक

Chhindwara 27 June 2025
छिंदवाड़ा यशो : -छिंदवाड़ा शहर में शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा देवी की परंपरागत रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। लगातार 11वें वर्ष आयोजित हो रही इस दिव्य यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने रथ खींचकर पुण्य अर्जित किया। भक्ति, भव्यता और सांस्कृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रथयात्रा में पातालकोट से आए 50 लोक कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

शहर में गूंजे जय श्री जगन्नाथ के जयकारे

रथयात्रा की शुरुआत दोपहर 2 बजे शहर के छोटी बाजार स्थित पुराने पावर हाउस से हुई, जो लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचकर धूप आरती और विश्राम के साथ आगे बढ़ी। इसके उपरांत भगवान श्री जगन्नाथ की प्रतिमा को विजय आनंद दुबे के निवास ‘जगन्नाथ आराधना स्थली’ तक ले जाया गया।

इस बार विशेष रूप से निर्मित भगवान की मूर्ति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र बनी रही।

तीन दिवसीय पूजन महोत्सव से जुड़ा हर दिन रहा विशेष

रथयात्रा से पहले तीन दिवसीय पूजन महोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें

नवयौवन संस्कार, नेत्रोत्सव, शृंगार पूजा, जैसे पारंपरिक अनुष्ठानों ने धर्मप्रेमियों को जोड़कर रखा।

बुधवार को कलश स्थापना और मंगला आरती से महोत्सव का श्रीगणेश हुआ था, जिसमें छप्पन भोग सहित कई दिव्य आयोजन शामिल थे।

इस्कॉन की ओर से निकली हाइड्रोलिक रथयात्रा

छिंदवाड़ा के इस्कॉन मंदिर द्वारा भी शुक्रवार को विशेष हाइड्रोलिक रथ में भगवान की रथयात्रा निकाली गई। यह रथयात्रा शनिचरा बाजार से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई परासिया रोड स्थित पूजा लॉन पहुंची। वहाँ महाआरती और छप्पन भोग अर्पित किए गए।

हरिनाम संकीर्तन में भक्तों की भारी भागीदारी रही, और सुबह से ही नगरवासी रथ दर्शन हेतु उत्साहित होकर उमड़ पड़े।

श्रद्धा का प्रतीक, पुण्य का अवसर

भक्तों का दृढ़ विश्वास है कि—

“भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचना पुण्य का कार्य है, जो जीवन में सुख-शांति और ईशकृपा लाता है।”

पूरे आयोजन में शासन-प्रशासन और आयोजन समिति का संयोजन सराहनीय रहा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!