धर्मसिवनी

एक साथ सजदे में झुके हजारों सिर, मांगी गई अमन-चैन की दुआएं

शांति और सौहार्द्र के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा (#eid-ul-azha) का पर्व

Seoni 07 June 2025
सिवनी यशो:-  जिलेभर में शनिवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार हर्षोल्लास, शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही नन्हें-मुन्नों से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग के लोग नए वस्त्र पहनकर नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों और ईदगाह की ओर रवाना हुए।
मुख्यालय स्थित बड़ी जिय़ारत ईदगाह, घसियारी मोहल्ला ईदगाह, मस्जिद गरीब नवाज, फैजाने रज़ा, सूफिया मस्जिद, फैजगंज पिंजारी मोहल्ला, नूर अंबिया (बस स्टैंड), गौसिया मस्जिद (एकता कॉलोनी), व बुधवारी बाजार स्थित मस्जिद ईदगाह समेत अन्य मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद की नमाज अदा की।
नमाज के बाद देश में अमन, चैन और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गईं। फिर आपसी गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी गई। इसके पश्चात परंपरानुसार कुर्बानी दी गई।
जिले के अन्य विकासखंडों— छपारा, लखनादौन, केवलारी, धनौरा, बरघाट, घंसौर, कुरई और ग्रामीण अंचलों में भी पर्व की रौनक देखने को मिली। यहां की ईदगाहों और मस्जिदों में भी समुदाय ने नमाज अदा कर कुर्बानी अर्पित की।

पुलिस और नगर प्रशासन की रही सख्त व्यवस्था

पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए थे। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। शुक्रवार शाम को फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस ने शांति का संदेश भी दिया।
वहीं नगर पालिका प्रशासन ने भी ईद से पहले ही शहर की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित कराई, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!