पेंच टाईगर रिजर्व में बाघ शावक की मौत
Seoni 03 May 2025
सिवनी यशो:- पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी अंतर्गत कर्माझिरी परिक्षेत्र के बायसन बीट के कक्ष क्र. 587, कत्थाभट्टी नाला में दिनांक 03.05.2025 को प्रात: 6.50 ए.एम. बजे हाथी गश्ती टीम द्वारा गश्ती के दौरान एक मृत बाघ शावक अनुमानित आयु 07 माह देखा गया, जिसकी सूचना गश्ती टीम द्वारा वरिष्ठ अधिकारी को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में घटना स्थल को सुरक्षित किया गया एवं डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटना स्थल एवं उसके आस-पास छानबीन की कार्यवाही की गई। आस-पास में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नही पाई गई। मृत बाघ शावक के सभी अंग सुरक्षित पाये गये।
तत्पश्चात् एन.टी.सी.ए. की निर्धारित एस0 ओ0 पी0 के अनुसार डॉ0 अखिलेश मिश्रा प्रवर श्रेणी वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में शव परीक्षण एवं आगामी वैज्ञानिक अन्वेषण हेतु सैम्पल एकत्रित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में बाघ शावक के शव को जलाकर भस्मीकरण की कार्यवाही की गई। समस्त कार्यवाही क्षेत्र संचालक एवं मुख्य वन संरक्षक देवाप्रसाद जे0, उप संचालक रजनीश कुमार सिंह, सहायक वन संरक्षक (सिवनी क्षेत्र) नरेश चन्द्र पाटीदार, एन0 टी0 सी0 ए0 प्रतिनिधि योगेश पटेल सहायक वन संरक्षक, सतीश चौधरी तहसीलदार, तहसील कुरई एवं नरेश कुमार हिंगे, उप सरपंच ग्राम पंचायत टुरिया की उपस्थिति में की गई। प्रकरण पंजीबद्ध कर पी.ओ.आर. क्रमांक 23988/16 जारी किया गया।


