साँप के काटने से 10 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत, बीजादेवरी गाँव में शोक की लहर
Seoni 10 June 2025
छपारा यशो:- सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बीजादेवरी गाँव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गाँव को शोक में डुबो दिया। यहाँ एक जहरीले साँप के काटने से 10 वर्षीय मासूम बालिका दीक्षा उइके की मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार, बीजादेवरी निवासी कुंवरलाल उइके की पुत्री दीक्षा दोपहर करीब 2:00 बजे अपने घर के अंदर ज़मीन पर सो रही थी, तभी एक विषैले साँप ने उसे डस लिया। परिजन तत्काल बच्ची को छपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुँचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद पूरे गाँव में मातम छा गया है। मासूम दीक्षा की मौत ने हर किसी की आँखें नम कर दीं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जाँच प्रारंभ कर दी है।
छपारा विकासखंड एक आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है जहाँ हर वर्ष वर्षा ऋतु की शुरुआत में सर्पदंश की घटनाओं में वृद्धि देखी जाती है। इस संदर्भ में स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों को सुरक्षा के लिए ज़मीन पर न सोने की सलाह दी जाती है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के बीएमओ डॉ. टी.एस. इनवाती ने अपील की है कि साँप काटने की स्थिति में घबराए बिना तत्काल नज़दीकी स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचें, जिससे समय रहते इलाज मिल सके और जान बचाई जा सके।



