सिवनी में स्कूल बसों पर यातायात पुलिस का शिकंजा, 6 वाहनों पर 10 हजार का जुर्माना
सिवनी यशो :- छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में स्कूल बसों एवं स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वाले 6 स्कूली वाहनों पर कुल 10 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न मार्गों पर संचालित स्कूली वाहनों को रोककर उनकी फिटनेस, बीमा, परमिट, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, जीपीएस सिस्टम, प्राथमिक उपचार पेटी, आपातकालीन खिड़की सहित सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान 6 स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी एवं दस्तावेजों में कमियां पाई गईं। इसके बाद यातायात पुलिस ने मौके पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए समन शुल्क वसूला।
इन वाहनों पर हुई कार्रवाई
MP 22 ZG 7477 – ₹2,000
MP 22 P 0449 – ₹2,000
MP 22 ZJ 8480 – ₹2,000
MP 54 P 0208 – ₹2,000
MP 22 P 0454 – ₹1,000
MP 22 ZG 8942 – ₹1,000
कुल समन शुल्क : ₹10,000
स्कूल प्रबंधन को दिए सख्त निर्देश
यातायात पुलिस ने सभी स्कूल संचालकों और वाहन मालिकों को निर्देशित किया है कि वे स्कूली वाहनों के संचालन में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। प्रत्येक वाहन में प्रशिक्षित चालक-परिचालक, जीपीएस सिस्टम, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी, महिला अटेंडेंट तथा आपातकालीन निकास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अभियान रहेगा जारी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूली वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। छात्रहित से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



