मध्यप्रदेशसिवनी

केवलारी के अलोनीखापा में दर्दनाक हादसा, रोटावेटर की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत

सिवनी यशो :- जिले के केवलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अलोनीखापा में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में धान की बुवाई के दौरान ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा केवलारी-बगलई मार्ग पर स्थित ग्राम अलोनीखापा में शाम करीब 4 बजे हुआ। गांव निवासी सौरभ पटेल के खेत में धान की बोवनी का कार्य चल रहा था। ट्रैक्टर में रोटावेटर संचालित था तथा उसके पीछे सीड ड्रिल मशीन लगी हुई थी।

मृतक की पहचान सोनू पुत्र नेहरू दास (18 वर्ष), निवासी अलोनीखापा के रूप में हुई है, जो खेत में मजदूरी कार्य करने गया था। बताया जा रहा है कि कार्य के दौरान वह सीड ड्रिल मशीन से बीज गिरने की स्थिति देखने के लिए पीछे की ओर गया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-100/112 तथा केवलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन के पायलट शंकर देशमुख, सैनिक बलराम उदाली एवं पुलिस दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!