बरघाट के चिमनाखरी से कलेक्ट्रेट सिवनी तक निकलेगी आभार तिरंगा पदयात्रा
कलेक्टर के गिफ्ट ए डेस्क अभियान से विद्यालयों को मिल रही सुविधा
Seoni 23 August 2025
धारना कलां (सिवनी) यशो :- जिला कलेक्टर संस्कृति जैन द्वारा संचालित “गिफ्ट ए डेस्क अभियान” ग्रामीणों और शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। इसी कड़ी में बरघाट विकासखंड के ग्राम चिमनाखरी से 26 अगस्त, मंगलवार को एक विशेष आभार तिरंगा पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा कलेक्ट्रेट कार्यालय सिवनी तक पहुंचेगी।
समाजसेवी एवं पूर्व सरपंच ओंकार से पटले ने बताया कि प्राथमिक शालाओं के बच्चों को बेहतर अध्यापन वातावरण और उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देने के उद्देश्य से कलेक्टर द्वारा चलाए जा रहे गिफ्ट ए डेस्क अभियान से ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
ग्रामीणों और शासकीय विद्यालय के शिक्षकों ने इस अभियान को ऐतिहासिक बताते हुए कलेक्टर संस्कृति जैन के प्रति आभार जताने का निर्णय लिया है। इसी भावना के तहत, ग्राम चिमनाखरी से तिरंगा पदयात्रा निकालकर कलेक्ट्रेट कार्यालय सिवनी पहुंचकर कलेक्टर महोदय का धन्यवाद किया जाएगा।



