30 जून तक लंबित सीमांकन प्रकरण निपटाने का अल्टीमेटम, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
पटवारी-राजस्व निरीक्षक के संयुक्त दल करेंगे कार्रवाई, लापरवाही पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
Seoni, 27 June 2026
सिवनी यशो:- जिले में लंबित सीमांकन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने सभी तहसीलदारों को विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि 30 जून तक अभियान चलाकर सभी लंबित सीमांकन प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीमांकन कार्य में तेजी लाने के लिए प्रत्येक तहसील में पटवारी एवं राजस्व निरीक्षकों के संयुक्त दल गठित किए जाएं।
ये दल मौके पर पहुंचकर निर्धारित राजस्व प्रक्रिया के अनुसार सीमांकन की कार्रवाई पूरी करेंगे और लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे।
एसडीएम करेंगे नियमित समीक्षा
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को अभियान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसील में अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित सीमांकन प्रकरणों का निराकरण हो।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता, अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों से अभियान को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ संचालित कर तय समय में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।



