मध्यप्रदेशधर्मसिवनी

बरघाट में धर्मांतरण के आरोपों पर बवाल: विहिप-बजरंग दल का अल्टीमेटम, आज FIR नहीं तो कल से भूख हड़ताल

एफआईआर की मांग को लेकर एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन, प्रशासन बोला— शिकायतकर्ताओं के बयान लेकर होगी विधि अनुसार कार्रवाई

बरघाट धर्मांतरण मामला – कथित धर्मांतरण के आरोपों पर बवाल: विहिप-बजरंग दल ने एफआईआर की मांग की, कार्रवाई नहीं हुई तो भूख हड़ताल की चेतावनी

बरघाट/सिवनी यशो :- बरघाट क्षेत्र के ग्राम दौंदीवाड़ा में कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर मामला अब गरमा गया है। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल ने शुक्रवार को अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बरघाट को ज्ञापन सौंपते हुए मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार तक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई तो शनिवार से एसडीओपी कार्यालय बरघाट के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

ज्ञापन में संगठन ने दावा किया है कि ग्राम दौंदीवाड़ा निवासी रामप्रसाद चौधरी ने 17 मई 2026 को अरी थाना में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों द्वारा उनकी बहू को कथित रूप से ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन दिया गया।

शिकायत में आर्थिक सहायता सहित अन्य लाभों का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया गया है।

विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

संगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि मूल शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय शिकायतकर्ता पक्ष को ही धारा 179 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर दिया गया, जिससे पीड़ित पक्ष को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ता पक्ष को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित न किया जाए।

एसडीओपी बोले— बयान लेकर होगी विधि अनुसार कार्रवाई

इस संबंध में बरघाट एसडीओपी ललित खबरे ने बताया कि शिकायतकर्ताओं को शुक्रवार को अरी थाना बुलाया गया है। उनके बयान दर्ज किए जाएंगे तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर विधि अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं, अरी थाना प्रभारी का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

शनिवार से भूख हड़ताल की चेतावनी

विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल ने स्पष्ट किया है कि यदि शुक्रवार को ही आरोपियों के विरुद्ध धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है तो शनिवार से अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय, बरघाट के समक्ष भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। संगठन का कहना है कि आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

«नोट: इस समाचार में धर्मांतरण संबंधी आरोप विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा प्रशासन को दिए गए ज्ञापन में किए गए दावों पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस की वैधानिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।»

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button