विद्या जोशी पटेल ने कहा – जन परिषद अपने रचनात्मक कार्यों से पहचानी जाती है
जन परिषद स्थापना दिवस पर छिंदवाड़ा में समाजसेवियों का सम्मान
Chhindwara 21 June 2025
छिंदवाड़ा यशो:- जन सेवा और सामाजिक उत्थान के कार्यों में अग्रणी अंतरराष्ट्रीय संस्था जन परिषद के छिंदवाड़ा चैप्टर द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे समाजसेवियों का सम्मान किया गया। इस गरिमामयी आयोजन की मुख्य अतिथि दुबई से पधारीं अंतरराष्ट्रीय मॉडल व अभिनेत्री विद्या जोशी पटेल रहीं, जिन्हें हाल ही में “फेस ऑफ अबू धाबी” के खिताब से नवाज़ा गया है।
कार्यक्रम शहर के मध्य स्थित एक होटल में आयोजित हुआ जहाँ जन परिषद के राष्ट्रीय संयोजक रामजी श्रीवास्तव, प्रांतीय सचिव नितिन श्रीवास्तव, महाकौशल प्रांत संयोजक गोविंद चौरसिया, छिंदवाड़ा चैप्टर अध्यक्ष विनोद तिवारी सहित शहर के अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बोलते हुए विद्या जोशी पटेल ने कहा –“जन परिषद जैसी संस्था के साथ जुड़ना मेरे लिए गौरव की बात है। छिंदवाड़ा की ऊर्जा, सुंदरता और समाजसेवियों की समर्पित भावना देखकर मैं अभिभूत हूँ। अगर आप सभी एकजुट हो जाएँ, तो यह टीम समाज के लिए अद्भुत काम कर सकती है।”
जन परिषद के राष्ट्रीय संयोजक रामजी श्रीवास्तव ने दुष्यंत कुमार की पंक्ति उद्धृत करते हुए कहा –“थोड़ी आंच बची रहने दो, थोड़ा धुआँ निकलने दो – कल देखेंगे इसी बहाने कई मुसाफ़िर आएंगे।”
उन्होंने युवाओं को संस्कारित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना ही हमारा उद्देश्य है।
सम्मानित व्यक्तित्वों में शामिल रहे:
आराधना शुक्ला, अलका शुक्ला, मीरा पारडकर, तृप्ति सिंह जनेवार, लता नागले, दीक्षा विशेन, सपना सोनी, अर्चना माहोरे, मनीष तिवारी, डॉ. महेश बंदेवार, रोहित रूसिया, डीपी मालवी, देवी सिंह चौरे, डॉ. पवन नेमा, भावना बनारसे, हर्षा बनोदे, और अन्य कई प्रतिष्ठित समाजसेवी।
कार्यक्रम की अन्य प्रमुख झलकियाँ:
-
गोविंद चौरसिया द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण का संदेश
-
विनोद तिवारी द्वारा छिंदवाड़ा चैप्टर की उपलब्धियों की जानकारी
-
डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा द्वारा आभार प्रदर्शन
-
अखिलेश खंडेलवाल द्वारा सुंदर संचालन
मुख्य अतिथि विद्या जोशी पटेल, गोविंद चौरसिया, विनोद तिवारी और श्रीमती बजाज को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।


