खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, ₹3.61 लाख की अमानक सामग्री जब्त
लखनादौन में 400 किलो अमानक कुंदा और 35 किलो घी पकड़ा, कई प्रतिष्ठानों से मिठाई व दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए
सिवनी में ₹3.61 लाख की अमानक खाद्य सामग्री जब्त, लखनादौन में 400 किलो कुंदा पकड़ा
सिवनी यशो :- त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर सिवनी जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और दुग्ध कारोबारियों की जांच कर करीब 3 लाख 61 हजार रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की है।

कार्रवाई के दौरान अमानक पाए गए कुंदा के साथ घी भी जब्त किया गया, जबकि कई प्रतिष्ठानों से मिठाई और दुग्ध उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
लखनादौन में 400 किलो कुंदा अमानक मिला
खाद्य सुरक्षा विभाग के जांच दल ने 26 अगस्त को लखनादौन स्थित बलराम दूध डेयरी एवं कुंदा निर्माण यूनिट का निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर कुंदा का नमूना लेकर विभागीय परीक्षण विधि से गुणवत्ता की जांच की। जांच में कुंदा अमानक पाए जाने पर मौके से 400 किलोग्राम कुंदा जब्त कर लिया गया।
इसी प्रतिष्ठान से मानव उपभोग के लिए बिक्री हेतु रखा 35 किलोग्राम घी भी जब्त किया गया। घी का नमूना लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा गया है।
अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्माण पर नोटिस
निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री का निर्माण एवं भंडारण अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जाना भी पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी किया है।

साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीमगढ़ में मिठाई और दुग्ध उत्पादों के नमूने
खाद्य सुरक्षा टीम ने भीमगढ़ क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। यहां से सोनपपड़ी, गुलाब जामुन, दही और पनीर के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए।
इससे पहले 25 अगस्त को चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से रितेश गुप्ता मिष्ठान भंडार, वैशाली राजपुरोहित मिष्ठान भंडार एवं उत्तम स्वीट्स का निरीक्षण किया गया था। यहां विभिन्न प्रकार की 25 खाद्य सामग्री एवं मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
त्योहारों से पहले लगातार चलेगा अभियान
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोनू तिवारी ने बताया कि जांच के दौरान जब्त खाद्य सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 3 लाख 61 हजार रुपये है। उन्होंने खाद्य कारोबारकर्ताओं से खाद्य सामग्री का निर्माण एवं भंडारण स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में करने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में चलित खाद्य प्रयोगशाला एवं मैजिक बॉक्स के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान अमानक अथवा असुरक्षित खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित कारोबारकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कारोबारकर्ताओं को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक सुधार करने की हिदायत भी दी जा रही है।
त्योहारी सीजन में मिठाई और दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ने के बीच खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन ने खाद्य गुणवत्ता को लेकर निगरानी बढ़ा दी है।
हर्रई में गुरुवार को जन-समस्या निवारण शिविर, अधिकारी सुनेंगे आमजन की समस्याएं
हर्रई में महिलाओं ने निकाली कावड़ यात्रा, शिव मंदिरों में किया जलाभिषेक
राखी का वादा हुआ पूरा, सांसद भारती पारधी की पहल से सिवनी-बालाघाट फोरलेन को 3,458 करोड़ की मंजूरी
आजादी के 80 साल: क्या आम आदमी को मिली वह आजादी जिसकी कल्पना की गई थी?

