कायाकल्प अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान पर बालाघाट जिला
भानेगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ने जिले में प्रथम स्थान हासिल किया
बालाघाट यशो:- मध्यप्रदेश शासन के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी द्वारा गत दिवस मध्यप्रदेश के समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं के कायाकल्प अभियान के परिणामों की घोषणा की गई । जिसमें बालाघाट जिले की 22 स्वास्थ्य संस्थाओं ने सफलता प्राप्त कर प्रदेश के सभी 52 जिलों में प्रथम स्थान पाया है।
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त प्रमुख सचिव श्री मोहम्मद सुलेमान, सचिव सह आयुक्त डॉ सुदाम खाड़े, मिशन संचालक एन.एच.एम. प्रियंका दास, उप संचालक डॉ प्रमोद गोयल व क्षेत्रीय संचालक डॉ संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में राज्य सलाहकार डॉ विवेक मिश्रा एवं डॉ संदीप शर्मा के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य संस्थाओं में सेवाओं के सुधार के लिए कायाकल्प अभियान प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में बालाघाट जिले में इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कार्य किया गया। इस अभियान में जिले की 39 संस्थाओं ने भाग लिया था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाँ. मनोज पांडेय के मार्गदर्शन में डाँ. मदन मेश्राम, डाँ. पंकज दुबे, डाँ. प्रदीप गेडाम, डाँ. परेश उपलव, जिले की क्वालिटी मेंटर्स, चयनित संस्थाओं के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, पैरा मेडिकल स्टॉफ, नर्सिंग अधिकारी द्वारा कायाकल्प अभियान में अपनी संस्था को उच्च स्तर तक विकसित करने निरंतर कार्य किया गया जिससेहै। जिसके परिणाम स्वरूप बालाघाट जिले को इस अभियान में प्रदेश के सभी 52 जिलों में प्रथम स्थान हासिल करने का सम्मान मिला है। प्रदेश के किसी अन्य जिले में इसती अधिक संख्या में स्वास्थ्य संस्थाओं को सफलता नहीं मिली है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाँ. मनोज पांडेय ने बताया कि मध्यप्रदेश में बालाघाट जिला सबसे अधिक सफलता प्राप्त करने में अग्रणी बना है। कायाकल्प अभियान में बालाघाट जिले से 01 जिला चिकित्सालय बालाघाट, 03 सिविल अस्पताल बैहर, लांजी व वारासिवनी, 01 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटंगी एवं 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों ने सफलता प्राप्त की। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भानेगांव ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस अभियान में सफलता प्राप्त करने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में महकेपार, कटंगझरी, बहेला, लामता, रिसेवाड़ा, सालेटेका, सिरपुर, दमोह, मंडई, झालीवाड़ा, तिरोड़ी, बम्हनी, भंडेरी, मोहगांव, कारंजा, डोंगरमाली एवं भानेगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शामिल है। डॉ पांडेय ने बताया कि कायकल्प अभियान में प्रदेश में प्रथम हासिल करने में स्वास्थ्य विभाग के अमले के अथक परिश्रम एवं लगन का श्रेय रहा है।
कायाकल्प अभियान के अंतर्गत सफलता प्राप्त करने पर जिला चिकित्सालय बालाघाट को 03 लाख रुपये, सिविल अस्पताल बैहर, लांजी व वारासिवनी को 01-01 लाख रुपये की राशि पुरूस्कार के रूप में प्राप्त होगी। जिले में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भानेगांव को 01 लाख रुपये एवं शेष 16 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को 50-50 हजार रुपये की राशि पुरूस्कार के रूप में प्राप्त होगी। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य केन्द्र अपनी अधोसंरचना विस्तार एवं सुविधाओं के विसतार में खर्च करेंगें।