नगर में पेयजल व्यवस्था ध्वस्त, भाजपा पार्षद जनहित में करेंगे आंदोलन
सिवनी यशो:- सिवनी नगरीय क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में ं विगत तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति ध्वस्त हो गयी है और नगर में जो थोड़ी बहुत पेयजल की सप्लाई की जा रही है, वह पेयजल भी बहुत गंदा आ रहा है । पेयजल सप्लाई की लडखड़ाई व्यवस्था से नगर की जनता बहुत अधिक परेशान है और ऐसा प्रतीत होता है कि सिवनी नगर पालिका प्रशासन और परिषद के अध्यक्ष की लापरवाही पूर्ण रवैया से आमजनता में व्यापक आक्रोश है।
इस आशय की बात सिवनी नगर पालिका परिषद में नेता प्रतिपक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से कही ।
श्री सनोडिया ने कहा कि नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष सहित भाजपा के सभी 14 पार्षदोंं ने जिला कलेक्टर से भेंट कर नगर में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति की मांग की थी । जिस दिन हमारे द्वारा यह मांग की गयी उसके दूसरे दिन से नगर पालिका प्रशासन ने नगर में पेयजल आपूर्ति ठप्प कर दी और जहाँ सप्लाई दी जा रही है वहाँ इतना गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है कि वह किसी भी प्रकार से पीने योग्य नहीं है ।
श्री सनोडिया ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था में गुणात्मक शीघ्र सुधार लाये अन्यथा हम सभी भाजपा के पार्षद जनता के साथ सड़को पर आकर संवैधानिक तरीके से जनता को सुविधाएँ दिलाने के लिये आंदोलन करने के लिये बाध्य होंगे ।



