आग का गोला बनी विधायक योगेंद्र बाबा की स्कॉर्पियो, सुरक्षित बचे सभी सवार
NH-44 पर गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बाउंड्रीवॉल से टकराई गाड़ी, हादसे के बाद लगी भीषण आग
विधायक योगेंद्र सिंह बाबा सड़क हादसा में बाल-बाल बचे, स्कॉर्पियो में लगी आग
सिवनी यशो :- लखनादौन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह (बाबा) रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। उनकी स्कॉर्पियो वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर धूमा थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित हर्बल गार्डन एवं हाईस्कूल के सामने दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी स्कॉर्पियो धू-धू कर जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते विधायक, उनके गनमैन और चालक को वाहन से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जबलपुर से घुरवाड़ा लौट रहे थे विधायक
प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक योगेंद्र सिंह बाबा सुबह भोपाल से ट्रेन द्वारा जबलपुर पहुंचे थे। वहां से वे अपनी स्कॉर्पियो में सवार होकर लखनादौन विधानसभा क्षेत्र स्थित अपने गृह निवास घुरवाड़ा जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर धूमा थाना क्षेत्र के बंजारी हाईस्कूल के सामने अचानक एक गाय सड़क पर आ गई।
बताया जा रहा है कि चालक ने पशु को बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित हाईस्कूल की बाउंड्रीवॉल से जा टकराई।

टक्कर के बाद वाहन में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी। दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई, जो तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही मिनटों में पूरी स्कॉर्पियो आग की चपेट में आ गई और जलकर नष्ट हो गई।
वाहन से उठती लपटें और धुएं को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
विधायक समेत तीन लोगों को आईं हल्की चोटें
हादसे के समय वाहन में विधायक योगेंद्र सिंह बाबा, उनका गनमैन और चालक मौजूद थे। दुर्घटना के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार विधायक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि गनमैन और चालक को भी हल्की चोटें पहुंची हैं।
घटना के बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही धूमा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर अचानक गाय के आ जाने से वाहन अनियंत्रित हुआ, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
समर्थकों ने ली राहत की सांस
विधायक के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने घटना को गंभीर बताते हुए इसे ईश्वर की कृपा बताया कि वाहन पूरी तरह जल जाने के बावजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए।
इस हादसे में स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।



