केंद्रीय विद्यालय वार्षिकोत्सव : छात्रों ने दी मनमोहक प्रस्तुति
केंद्रीय विद्यालय (Kendriya Vidyalaya) सिवनी में मनाया गया वार्षिकोत्सव (anniversary celebration)
सिवनी 13 दिसंबर 2024
सिवनी यशो:- केंद्रीय विद्यालय सिवनी में दिनांक 11 दिसंबर 2024 को वार्षिक उत्सव अत्यंत हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंकज वर्मा आईएएस (Pankaj Verma IAS), मुख्य कार्यपालन अधिकारी (chief executive officer) जनपद पंचायत बरघाट द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पार्पण कर इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी एस एस कुमरे (District Education Officer S.S. Kumre) ,जे देव प्रसाद (चीफ कंजरवेटर आफ फॉरेस्ट), केंद्रीय विद्यालय चौरई के प्राचार्य संदीप साहू एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
स्वागत बेला के उपरांत विद्यालय के प्राचार्य दीपक कुमार साहू द्वारा विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन किया गया जिसमें शैक्षणिक एवं अन्य पाठ्य सहगामी गतिविधियों पर प्रकाश डाला गया ।
कार्यक्रम के दौरान जहां प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों द्वारा सोशल मीडिया के दुरुपयोग, पानी बचाओ एवं साफ सफाई का संदेश देते हुए मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए वहीं माध्यमिक विभाग के विद्यार्थियों द्वारा अपने नृत्य अभिनय के माध्यम से विभिन्न राज्यों की कलाओं का जीवंत प्रस्तुतीकरण किया गया । कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा किए गए नृत्य एवं उनके द्वारा प्रस्तुत किया गया आर्केस्ट्रा अत्यंत मनमोहक कार्यक्रम थे।
हमारे जीवन में अध्ययन का महत्व, धूम्रपान के दुष्परिणाम, मोबाइल का दुरुपयोग एवं भ्रष्टाचार पर हिंदी एवं अंग्रेजी नाटक तथा माइम शो आकर्षण के केंद्र बिंदु थे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया साथ ही उन्होंने विद्यालय में होने वाली विभिन्न गतिविधियों की सराहना कर अभिभावकों को अपने बच्चों के कैरियर और भविष्य के प्रति संवेदनशील होने की सलाह दी।
कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में विद्यालय के वरिष्ठ स्नातक उत्तर शिक्षक श्री टी एस राहंगडाले द्वारा सभी के प्रति आभार प्रदर्शन किया गया एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ ।





