भाजपा जिलाध्यक्षों के चयन के लिये भोपाल में जिलावार महामंथन जारी
भाजपा संगठनात्मक 60 जिलों के जिलाध्यक्षों की घोषणा 05 जनवरी को
Bhopal 02 January 2025
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व के तहत बूथ कमेटियों से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव संगठनात्मक चुनाव करा रहा है । भाजपा के संगठनात्क चुनाव की सरगर्मिया पूरे प्रदेश में अपने सबाव पर है । भाजपा ने अभी तक अपने मंडल अध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है । जिलाध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया जारी है, हालांकि 31 दिसंबर तक जिलाध्यक्षों के नामो को अंतिम रूप दिया जाना था। अब अनुमान लगाया जा रहा है कि अधिकतम 05 जनवरी तक जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा की जा सकती है । इसके लिये 02 जनवरी एवं 03 जनवरी को प्रदेश भाजपा कार्यालय में महामंथन का दौर जारी है । प्रदेश के 60 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष के लिये प्रदेश स्तरीय चयन समिति नये जिलाध्यक्षों के नामों पर विचार कर रही है । सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश में भाजपा जिलाध्यक्षों के नामों की सूची 5 जनवरी को आना लगभग तय माना जा रहा है।
भाजपा से जुड़े सूत्र बता रहे है कि इस सूची में सभी 60 संगठनात्मक जिलों के नाम लगभग एक ही सूची में जारी किये जा सकते है । प्रदेश संगठन सभी जिलों से एक एक नाम पर अंतिम मुहर लगाने पर विचार कर रहा है और आम सहमति बनायी जा रही है । बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा जिला निर्वाचन अधिकारियों से पैनल पर चर्चा कर रहे है । भाजपा जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर सभी जिम्मेदार नेता जिला निर्वाचन अधिकारी, पर्यावेक्षक से वन टू वन चर्चा कर रहे है । यह प्रक्रिया गुरूवार को दिन भर भाजपा के प्रदेश कार्यालय में चली और शुक्रवार को भी यह प्रक्रिया जारी है ।
प्रदेश निर्वाचन की जिन जिलों में किसी एक नाम पर आम सहमति नहीं बन सकी है,ऐसे जिलों से दो या तीन नामों के पैनल केन्द्रीय नेतृत्व के पास भेजकर शीघ्र अंतिम नाम पर मुहर लगायी जायेगी ।
भाजपा के संगठन चुनाव के अंतर्गत सभी 65013 बूथों और 1313 मंडलों में रायशुमारी से बूथ कार्यकारिणी और मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। संगठन चुनाव के तीसरे चरण में जिलाध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया जारी है। केन्द्रीय नेतृत्व की मंशा के अनुरूप प्रदेश में किसी भी स्तर पर अब तक निर्वाचन की स्थिति नहीं बनी है और सभी चुनाव रायशुमारी से हुए हैं। इसी क्रम में 55 शहरी एवं 5 ग्रामीण संगठनात्मक जिलों में जिलाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया जारी है।
जिलेवार वन टू वन चर्चा का दौर जारी
भारतीय जनता पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में अपने समर्थक कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष बनवाना चाहते हैं परंतु माना जा रहा है कि सांसद एवं विधायको की मर्जी का भी ध्यान रखा जायेगा और ऐसे नाम पर सहमति बनायी जा सकती है जिससे सत्ता और संगठन में आपसी टकराव की स्थिती निर्मित न हो ।
प्रदेश भर में हुई रायशुमारी के बाद बनाए गए पैनल पर गुरुवार (2 जनवरी) को प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिलेवार वन-टू-वन चर्चा का क्रम जारी रहा । बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा जिला निर्वाचन अधिकारियों से पैनल पर चर्चा जारी है और इसी प्रकार की चर्चा शुक्रवार को भी की जायेगी ।
वहीं चर्चा तो यह भी है कि भाजपा महिलाओं को भी संगठन में जगह देने की तैयारी में है। बूथ समितियों में इसका पालन किया गया है। अब पार्टी की कोशिश है कि जिला अध्यक्षों के चयन में भी महिलाओं की हिस्सेदारी रहे।
भाजपा के संगठनात्मक जिलों के लिये चल रही निर्वाचन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिये जाने की भोपाल विचार विमर्श की जानकारी के आधार पर प्रदेश भर से जिलाध्यक्ष के दावेदार और उनके समर्थक भोपाल में डेरा डाले हुये है ।




