आगामी चुनावों के परिप्रेक्ष्य मे भारतीय जनता पार्टी ने की विधानसभा संयोजकों की घोषणा
श्रीनिवास मूर्ति – सिवनी, प्रदीप राय – केवलारी, श्रीमती मीना बिसेन – बरघाट, राजेश पाराशर – लखनादौन
सिवनी 24 मार्च 23
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश ने आगामी विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश भर की विधानसभा सीटो के लिये संयोजकों की नियुक्ति कर दी है। संगठनात्मक दृष्टिकोण से विधानसभा संयोजकों का चुनावी प्रबंधन मे विशेष महत्व होता है। संयोजकों के ऊपर विधानसभा स्तर पर समस्त सांगठनिक कार्यों तथा चुनावी प्रबंधन की जिम्मेदारी होती है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा द्वार सिवनी जिले की चारों विधानसभाओं के लिये संगठन के अनुभवी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति कर दी गई है।
भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी ने बताया कि सिवनी जिले की चारों विधानसभाओं मे क्रमश: श्रीनिवास मूर्ति को सिवनी, प्रदीप राय भाजपा जिला उपाध्यक्ष केवलारी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मीना बिसेन को बरघाट एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश पाराशर को लखनादौन विधानसभा का संयोजक नियुक्त किया है। सभी संयोजक आगामी विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों तक विधानसभा संयोजक के रूप मे कार्य करेंगे।
नवनियुक्त संयोजकों ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है तथा पूरी तन्मयता एवं निष्ठा के साथ संगठन तथा संगठन से प्राप्त दायित्वों के प्रति तटस्थ रहने की प्रतिबद्धता जाहिर की है।