क्राइमछिंदवाड़ामध्यप्रदेशहेल्थ
डॉक्टर से मारपीट, तोडफ़ोड़; पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
Chhindwara 07 February 2025
छिंदवाड़ा यशो: (जुन्नारदेव ) बीती रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव में एक गंभीर घटना घटी, जब मरीज के परिजनों ने डॉक्टर से मारपीट कर अस्पताल में तोडफ़ोड़ कर दी। इस घटना के बाद अस्पताल में हंगामा मच गया और डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग करते हुए काम बंद करने की चेतावनी दी।
क्या है मामला- जानकारी के अनुसार, एक मरीज के इलाज को लेकर नाराज 10-15 परिजनों ने डॉक्टर अमनदीप के साथ मारपीट की और अस्पताल में तोडफ़ोड़ की। जैसे ही घटना की सूचना मिली, एसडीओपी राजेश बंजारे और थाना प्रभारी राकेश बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस की कार्रवाई पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 8-10 अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक सिकरवार और धीरज सिकरवार को नामजद किया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
डॉक्टरों ने दी काम बंद करने की चेतावनी घटना के बाद डॉक्टरों में आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा की मांग की है। अगर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो डॉक्टरों ने काम बंद करने की चेतावनी दी है।
डॉक्टर अमनदीप (घायल डॉक्टर)-हम अस्पताल में मरीजों की सेवा कर रहे हैं, लेकिन जब हमारी ही सुरक्षा नहीं होगी, तो हम कैसे काम करेंगे? हम दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।
हमने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं और जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है।
एसडीओपी राजेश बंजारे


