लिखित आश्वासन के बाद भी टेल क्षेत्र छींदा नहीं पहुँचा नहर से सिचाई का पानी
मेहनतकश किसानों ने शीघ्र पानी पहुंचाने की पुन: लगाई गुहार
Seoni 11 February 2025
सिवनी यशो:- सिवनी जिला की तहसील केवलारी के ग्राम छींदा के मेहनतकश किसानों ने 10 फरवरी 2025 को एक लिखित आवेदन जिला कलेक्टर सिवनी को प्रेषित किया है। जिसमें उन्होने संजय सरोवर ( भीमगढ़ ) बाँध की नहर के माध्यम से टेल क्षेत्र छींदा तक फसलों की सिंचाई के लिए पानी पहुँचाये जाने का निवेदन किया है। टेल क्षेत्र छींदा के ग्राम – छींदा, खुर्शीपारदीप, मालनवाड़ा, पुंगार व सरई में समय रहते सिचाई का पानी नहीं पहुँचा तो फसल सूख जायेगी। क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि अभी हाल ही में हम टेल क्षेत्र छींदा के किसान सिचाई के पानी की मांग को लेकर गत 29 जनवरी 2025 से पुलिस चौकी छींदा परिसर के सामने भूख हड़ताल पर बैठे थे।
दिनाक 01 फरवरी 2025 को तहसीलदार महोदय की समझाईश व सिचाई विभाग केवलारी के सहायंत्री के लिखित आश्वासन के बाद हमने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी थी। उस समय हमें लिखित और मौखिक आश्वासन दिया गया था कि हम किसानों को भीमगढ़ बाँध की नहर के माध्यम से हर हाल में फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी 09 फरवरी 2025 को पहुँचा देंगे। लेकिन आज दिनांक तक हमारे टेल क्षेत्र छींदा तक सिचाई का पानी नहीं पहुँचा है। इसीलिए हम छींदा टेल क्षेत्र के किसान अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
छींदा टेल क्षेत्र के किसानों का कहना है कि हमने आवेदन की प्रति जिले की संवेदनशील कलेक्टर महोदया को प्रेषित कर उसकी प्रतिलिपि सादर सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व केवलारी और जल संसाधन विभाग केवलारी के कार्यपालन यंत्री को भिजवाई है। नहर टेल क्षेत्र छींदा के किसान – सुखचैन परते, मक्खन झारिया, डिमाक चंद झारिया, शिवप्रसाद यादव, शेख समसुद्दीन, सुखराम राय, शेख रसीद मंसूरी, इमरत लाल राय, श्याम बाबू झारिया, स्वामी आनंद सागर, शेख रहीम मंसूरी, अजय राय, चेतराम यादव व शेख नजीर मंसूरी सहित अनेक कृषकों का स्पष्ट कहना है कि अतिशीघ्र हमें फसलों की सिंचाई के लिए नहर से पानी नहीं मिलता और हमारी खड़ी फसल यदि सूख जाती है तो उसकी सम्पूर्ण जबावदेही सिचाई विभाग एवं प्रशासन की होगी।





