छपारा का मोरन कृषि फार्म की उन्नत विधि अन्य किसानों के लिये प्रेरणादायक – संभागायुक्त
इस तकनीक का विस्तार किसानों की समृद्धि की सामर्थ रखता है, इसे अपनाने के लिये किसानों करें प्रेरित
Seoni, 19 July 2025
छपारा यशो:- गत दिवस संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया ने सिवनी जिले के छपारा का दौरा किया, जहाँ उन्होंने छपारा खुर्द में निर्माणाधीन कन्या छात्रावास भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद, उन्होंने छपारा नगर के भीमगढ़ रोड स्थित मोरन फार्म का भी दौरा किया।
उन्नत कृषि पर ज़ोर
संभागायुक्त ने उन्नत कृषक शिवकांत सिंह ठाकुर के कृषि फार्म पहुँचकर कृषि की उन्नत विधि की सराहना की । शिवकांत सिंह हार्टिकल्चर पद्धति का उपयोग करके कपास सहित विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन कर रहे है । संभागायुक्त ने कहा कि सिंह की कृषि तकनीक अन्य क्षेत्रीय किसानों के लिए प्रेरणा है और इस तकनीक का विस्तार किसानों की समृद्धि की सामर्थ रखता है ।

संभागायुक्त ने सिवनी कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन से कहा है कि शिवकांत सिंह की कृषि तकनीक को एक मॉडल के रूप में प्रदर्शित कर अन्य कृषको को यह तकनीकी अपनाने के लिये प्रेरित करें । यह कृषि पद्धति किसानों के लिये व्यापक लाभ दे सकती है ।
निरीक्षण में उपस्थित अधिकारी
इस निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया के साथ सिवनी कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन, संयुक्त संचालक कृषि विभाग जबलपुर एस.के. नेताम, जिला पंचायत सीईओ विजय नवजीवन पवार, एसडीएम लखनादौन रवि कुमार सिहाग, तहसीलदार छपारा सौरभ मरावी, डीडी कृषि विभाग एस.के. धुर्वे और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मोरन फार्म और उन्नत कृषि पहल
यह उल्लेखनीय है कि नगर परिषद उपाध्यक्ष ठाकुर शिवकांत सिंह 2013 से उन्नत कृषि कर रहे हैं। मार्च 2020 में, उन्होंने मोरन फार्म में स्थानीय किसानों के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें उन्हें पारंपरिक फसलों के बजाय हार्टिकल्चर पद्धति से कपास की उन्नत खेती करने के बारे में जानकारी दी गई थी। इस कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रदीप बिसेन ने कपास की उन्नत किस्म को अपनाकर पारंपरिक फसलों से अधिक मुनाफा कमाने की विस्तृत जानकारी दी थी।





