मध्यप्रदेशराजनीति

छात्रों की गूंज नहीं, यह झूठ की गूंज है’—CM मोहन यादव का राहुल गांधी पर पलटवार

मुख्यमंत्री बोले—शिक्षा, रोजगार और युवाओं के मुद्दों पर तथ्यों एवं आंकड़ों के साथ हो संवाद; MP में स्कूल शिक्षा का बजट 2 हजार करोड़ से बढ़कर 38,658 करोड़ हुआ

छात्रों की गूंज पर CM मोहन यादव का पलटवार, बोले- यह झूठ की गूंज है।

भोपाल यशो:- इंदौर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह ‘छात्रों की गूंज नहीं, बल्कि झूठ की गूंज है।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों, युवाओं और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते समय तथ्यों और आंकड़ों को सामने रखना चाहिए। उनके अनुसार कार्यक्रम में तथ्यपरक चर्चा के बजाय भ्रम फैलाने का प्रयास दिखाई दिया।

ड्रॉपआउट दर में सुधार का दावा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में लगातार व्यापक कार्य हुआ है। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों सहित विभिन्न योजनाओं और पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में ड्रॉपआउट दर को शून्य तक लाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

मुख्यमंत्री के अनुसार वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में ड्रॉपआउट दर करीब 16 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि उस समय स्कूल शिक्षा का बजट लगभग 2 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 38,658 करोड़ रुपये हो गया है।

मेडिकल कॉलेज और सीटों में भी बढ़ोतरी

डॉ. यादव ने स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1956 से 2002-03 तक मध्यप्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब प्रदेश में 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। उनके अनुसार मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल सीटों की संख्या भी करीब 680 से बढ़कर 7 हजार से अधिक हो गई है।

प्रति व्यक्ति आय और बिजली उत्पादन का भी दिया आंकड़ा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय और बिजली उत्पादन में हुई वृद्धि का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार वर्ष 2002-03 तक प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय करीब 11 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.59 लाख रुपये हो गई है। इसी तरह बिजली उत्पादन क्षमता लगभग 5 हजार मेगावाट से बढ़कर 32 हजार मेगावाट के आसपास पहुंच गई है।

पुलिस और स्कूल शिक्षा में भर्ती का उल्लेख

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में करीब 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है, जिनमें लगभग 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देकर पुलिस सेवा से जोड़ा जा चुका है।

उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार भर्तियां की जा रही हैं और 7 हजार प्राध्यापकों की भर्ती की गई है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने एक लाख से अधिक पदों पर प्रमोशन किए हैं तथा हर वर्ष एक लाख पदों के सृजन की दिशा में आगे बढ़ रही है।

विकास के विषयों पर आंकड़ों के साथ बात करें’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष मध्यप्रदेश की जनता से संवाद करना चाहते हैं तो उन्हें प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर तथ्यों और आंकड़ों के साथ बात करनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, आय और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता के बीच भ्रम के बजाय विकास और उपलब्धियों पर तथ्यपरक संवाद होना चाहिए।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं, रोजगार और पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दे उठाए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन मुद्दों पर सरकार की ओर से आंकड़े प्रस्तुत करते हुए प्रतिक्रिया दी।

यह भी पढ़ें:-

महाराजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह का 169वां शहादत दिवस मनाया

शिक्षक शिल्पकार की भांति भावी पीढ़ी का निर्माण करते हैं: सांसद बंटी विवेक साहू

वन विभाग में फील्ड ड्यूटी को लेकर असंतोष, दक्षिण वन मंडल में दो कर्मचारियों को कार्यालय से अटैच रखने पर उठे सवाल

दिघोरी में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर, प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

अतिवृष्टि-तूफान से मक्का-सब्जी की फसल प्रभावित, सर्वे शुरू; किसानों को फसल बीमा और उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की पहल

https://www.bbc.com/hindi/articles/cj750k167z5go.amp

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!